इलाहाबाद: भीषण सड़क हादसा, सीओ के साले समेत तीन की मौत, 4 की हालत नाजुक
फूलपुर में हुए इस दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों से होली कि खुशियां छीन लीं। होली की तैयारियों के बीच मौत ने परिवार में मातम का माहौल बना दिया है।
इलाहाबाद। देर रात जौनपुर-इलाहाबाद मार्ग पर फूलपुर इलाके में अनियंत्रित कंटेनर ने बोलेरो को टक्कर मार दी फिर बाइक सवार युवक को कुचलते हुए पेड़ से टकराकर पलट गई। इस दुर्घटना में बोलेरो ड्राइवर, सहायक अध्यापक और सिविल लाइंस के सीओ डीपी तिवारी के सगे साले दिनेश तिवारी की मौत हो गई जबकि 4 लोगों को नाजुक हालत में भर्ती कराया गया है। हादसा इतना भीषण था कि दिनेश की बाइक ही जल उठी। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पथराव करते हुए सड़क पर चक्का जाम कर दिया।

होली के पहले मौत का मातम
फूलपुर में हुए इस दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों से होली कि खुशियां छीन लीं। होली की तैयारियों के बीच मौत ने परिवार में मातम का माहौल बना दिया है। सड़क पर जली बाइक, बोलेरो के उड़े परखच्चे और पेड़ से टकराया कंटेनर हादसे की भयावहता को खुद ही दर्शा रहा था। जिसकी भी नजर इलाहाबाद-जौनपुर मार्ग पर हुए इस हादसे पर पड़ी वो सिहर उठा।

ताबड़तोड़ हुआ हादसा
जौनपुर जिले के बादशाहपुर जमालपुर निवासी और सीओ सिविल लाइंस डीपी तिवारी का साला दिनेश तिवारी (32) इलाहाबाद के सिविल लाइंस स्थित एक मोटर्स शोरूम में काम करता था। देर रात दिनेश बाइक से अकेले घर जा रहा था। बाबूगंज बाजार के करीब पहुंचा तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर और बोलेरो में टक्कर हो गई। अनियंत्रित कंटेनर उसे भी बाइक समेत रौंदते हुए एक पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक में आग लग गई और जलकर खाक हो गई।

तीन की मौके पर मौत
दुर्घटना के बाद खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराते हुए घायलों को अस्पताल ले गई जबकि गुड्डू (30) पुत्र अंबिका निवासी कनौजा खुर्द फूलपुर, दिनेश तिवारी (32) बादशाहपुर जमालपुर और वीरेंद्र कुमार (38) जौनपुर शाहगंज की मौत हो गई। घायलों में
अरुण यादव हुसैनाबाद जौनपुर, उसका मौसेरा भाई रीतेश यादव आजमगढ़ अंबारी और एक अन्य गंभीर रूप से जख्मी है। उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

अस्पताल से छूटे तो मौत से जा मिले
वीरेंद्र कुमार टीचर थे और कुछ दिन पहले स्कूल जाते समय हुए हादसे में उनका पैर टूट गया था। इलाज के बाद रात को अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर घर ले जाया जा रहा था कि रास्ते में मौत मिल गई। रात तकरीबन आठ बजे इलाहाबाद-जौनपुर मार्ग पर फूलपुर के भुलई का पूरा इलाके के करीब तेज गति में आए कंटेनर ने बोलेरो को टक्कर मार दी। जिसमें वीरेंद्र की जान चली गई।

ग्रामीणों ने किया पथराव
घटना के बाद कंटेनर चालक मौके से भाग निकला तो दुर्घटनास्थल पर आक्रोशित ग्रमीणों ने पथराव कर दिया। जिससे सड़क पर जाम लग गया। फूलपुर थाने की पुलिस पहुंची और लोगों को किसी तरह मनाकर क्षतिग्रस्त बोलेरो में फंसे लोगों को निकाला गया। पलटे कंटेनर में घायल खलासी फंसा था जबकि ड्राइवर नहीं मिला। खलासी समेत तीनों घायल लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया।












Click it and Unblock the Notifications