यूपी में अगले साल सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी AAP, गठबंधन पर किसी से नहीं चल रही बात- संजय सिंह
लखनऊ, सितंबर 12। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी आम आदमी पार्टी ने एकबार फिर से ये साफ कर दिया है कि पार्टी आगामी चुनाव में सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं किया जाएगा। आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी संजय सिंह ने रविवार को कहा कि हमें प्रदेश के अंदर कमजोर समझना एक गलत होगी, क्योंकि हाल ही के पंचायत चुनाव में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस से अच्छा प्रदर्शन किया है।

हम अभी पार्टी को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं- संजय सिंह
संजय सिंह ने कहा कि पार्टी अगले साल होने वाले चुनाव में सभी 403 सीटों पर लड़ने की तैयारी कर रही है और हम किसी अन्य दल से गठबंधन पर कोई बातचीत नहीं कर रहे हैं, हमारा पूरा ध्यान अभी पार्टी की स्थिति को मजबूत करने में लगा हुआ है और पिछले डेढ़ महीने में हमने पार्टी को काफी मजबूत भी किया है। आपको बता दें कि हाल ही में संजय सिंह ने अखिलेश यादव से मुलाकात की थी, जिसके बाद अटकलों का बाजार गर्म हो गया था और ये कहा जाने लगा था कि दोनों पार्टियां अगले चुनाव में एकसाथ आ सकती हैं।
पंचायत चुनाव में आप को मिली थी 83 सीटें
एक इंटरव्यू में संजय सिंह ने कहा कि यूपी में हुए पंचायत चुनावों में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस से अच्छा प्रदर्शन किया था, जहां कांग्रेस ने चुनावों में 40 सीटें जीतीं थी, वहीं हमने 83 पंचायतों में जीत हासिल की। आप को इन चुनावों में 40 लाख से ज्यादा वोट मिले, जहां पार्टी के 1600 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा।"
यूपी के अलावा इन राज्यों में भी चुनाव लड़ेगी पार्टी
आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी अगले साल यूपी के साथ-साथ उत्तराखंड, गुजरात, गोवा और पंजाब के भी विधानसभा चुनाव लड़ेगी। दिल्ली में सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी मुख्य रूप से पंजाब में विपक्ष की भूमिका में है। दिल्ली और पंजाब के अलावा अब पार्टी अन्य राज्यों में अपने विस्तार पर ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी ये ऐलान कर चुके हैं कि वो पार्टी का विस्तार करना चाहते हैं। इन राज्यों के अलावा पार्टी हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी चुनाव की तैयारियां कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications