ATM में कैश जमा करने जा रही वैन से 38 लाख रुपये गायब
चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली इलाके के बैंकों में अलग-अलग एटीएम में कैश डालने जा रही सीएमएस इंफोसिस्टम्स कंपनी की कैश वैन से 38 लाख रुपये गायब हो गए। शाखा वाराणसी के चार कर्मचारी कैश वैन से विभिन्न बैंकों के एटीएम बूथों में कैश जमा करने निकले थे, इसी दौरान यह घटना हुई। हालांकि, कंपनी के एटीएम ऑफिसर ने मुगलसराय कोतवाली में चारों कर्मचारियों पर रुपये गबन करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच कर रही है।

क्या था पूरा मामला
सीएमएस के चार कर्मचारी चन्दौली के सतेंद्र सिंह, गाजीपुर के अभिषेक चौबे, गार्ड उग्रसेन सिंह और ड्राइवर सुरेश पाण्डेय बनारस से कुल 63 लाख रुपये लेकर निकले थे। ये सभी अलग अलग बैंकों के एटीएम में पैसा भरते हुए करीब 3 बजे जब बैंक ऑफ बदौड़ा के एटीएम पर पहुँचे तो 38 लाख के कैश वाला बक्सा संदिग्ध हालात में वैन से गायब मिला। 38 लाख रुपये गायब होने की सूचना कस्टडियन सतेंद्र सिंह ने मोबाइल से ब्रांच मैनेजर राकेश सिंह को घटना की सूचना दी। जिसपर ब्रांच मैनेजर राकेश सिंह और एटीएम ऑफिसर रविप्रकाश श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे।
चारों कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
एटीएम ऑफिसर रविप्रकाश श्रीवास्तव ने चारों कर्मचारियों से पूछताछ की तो मामला संदिग्ध लगा। उन्होंने कोतवाली में कर्मचारियों की मिलीभगत से 38 लाख रुपये गायब होने की संभावना व्यक्त करते हुए नामजद मुकदमा दर्ज कराया। इंस्पेक्टर मुगलसराय शिवानंद मिश्रा के मुताबिक, चारों कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला पूरी तरह संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications