योगी सरकार ने किए 31 आईपीएस अफसरों के तबादले, दो दिन में दूसरा बड़ा फेरबदल
शुक्रवार को 39 आईपीएस अफसरों के तबादलों के बाद रविवार को 31 आईपीएस अधिकारियों के तबादले उत्तर प्रदेश की सरकार ने किए हैं।
लखनऊ। कानून व्यवस्था को लेकर लगातार सवालों में घिरी योगी सरकार ने दो दिन के भीतर ही दूसरी बार बड़ी संख्या में आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। शुक्रवार को 39 आईपीएस अफसरों के तबादलों के बाद रविवार को 31 आईपीएस अधिकारियों के तबादले उत्तर प्रदेश की सरकार ने किए हैं।

नए फेरबदल में सोनिया सिंह को कानपुर नगर की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इससे पहले वे पुलिस उपमहानिरीक्षक (प्रतीक्षारत) थीं। कानपुर नगर में पुलिस अधीक्षक रहे आकाश कुलहरी का ट्रांसफर कर उन्हें बरेली में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण का तबादला करते हुए उन्हें इटावा का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड में अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अविनाश चंद्र को कानपुर जोन का एडीजी बनाया गया है, वहीं कानपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक जकी अहमद को पुलिस महानिरीक्षक पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड बनाकर भेजा गया है।
पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) प्रशिक्षण अमित चंद्रा को पुलिस महानिरीक्षक पीएसी पश्चिमी जोन (मुरादाबाद) बनाया गया है, वह सुनील कुमार गुप्ता की जगह लेंगे, जिन्हें आईजी (अपराध) नियुक्त किया गया है। छठवीं वाहिनी पीएसी मेरठ की सेनानायक पूनम को अमेठी की एसपी नियुक्त किया गया है। वह अनीस अहमद अंसारी की जगह लेंगी, जिन्हें एसपी महोबा बनाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications