वाराणसी के मॉल में चलीं 15 राउंड गोलियां, दो लोगों की मौत
वाराणसी। यूपी में वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र स्थित ब्रांडेड कपड़ों के एक मॉल में अज्ञात हमलावरों ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। गोलीबारी से अंदर कार्यरत दो कर्मचारियों की मौत हो गई जबकि अन्य लोग घायल हो गए। बदमाशों ने 15 राउंड फायरिंग की। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से 13 खोखे बरामद हुए। बुधवार शाम हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

हाथापाई के बाद की फायरिंग
संवाद सूत्रों के अनुसार, बनारस के छावनी क्षेत्र स्थित जेएचवी मॉल में कपड़ों के शोरूम को बदमाशों ने निशाना बनाया। गोलीबारी करने से पहले बदमाशों की शोरूम संचालकों से हाथापाई हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बदमाशों ने डिस्काउंट को लेकर बवाल किया। इसके बाद आरोपियों ने कैश काउंटर पर बैठे लोगों पर गोलियां चला दी।
फायरिंग में दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि अन्य 2 घायल हो गए। दोनों घायलों को मलदहिया स्थित सिंह मेडिकल में भर्ती कराया गया है। घायलों के नाम सेवापुरी के गोराई निवासी विशाल सिंह (26) और गायघाट निवासी चंदन शर्मा (31) बताए जा रहे हैं। दोनों के बाएं पैर में गोली लगी है।
पुलिस फोर्स तैनात
सूचना पाकर एसएसपी आनंद कुलकर्णी और क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह जेएचवी मॉल पहुंचे। लेकिन वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए थे। एहतियातन जेएचवी मॉल को खाली करा लिया गया है। पुलिस बल ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ सुरक्षा कारणों से अलर्ट जारी कर दिया है। फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी है। इलाके की नाकाबंदी करके हमलावरों की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications