कुछ दिन पहले साक्षी महाराज ने यूपी में आने के लिए किया था ओवैसी का स्वागत, अब कहे अपशब्द
उन्नाव। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम उत्तर प्रदेश में आने वाले चुनावों की तैयारी में लगी है। पंचायत चुनाव में भी एआईएमआईएम उम्मीदवार उतारेगी। आजमगढ़ और जौनपुर के दौरे पर असदुद्दीन ओवैसी पिछले सप्ताह आए। उन पर टिप्पणी करते हुए उन्नाव सांसद साक्षी महाराज ने स्वागत करते हुए कहा कि बिहार चुनाव में ओवैसी ने भाजपा का सहयोग किया, यूपी और बंगाल में भी वे ऐसा ही करेंगे। रविवार को साक्षी महाराज ने इसके उलट असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करते हुए विवादित बयान दे डाला।

सांसद साक्षी महाराज ने असदुद्दीन ओवैसी को अपशब्द बोलते हुए कहा कि उनकी असलियत को देश जान चुका है। कहा कि राम मंदिर पर बयान देते हुए ओवैसी कहते थे कि खून की नदियां बहेंगी लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में शांतिपूर्ण ढंग से मंदिर का निर्माण हो रहा है और यह सभी के सहयोग से किया जा रहा है। मंदिर निर्माण में एक बूंद खून भी नहीं बहा।
सांसद साक्षी महाराज उन्नाव के परियर में स्थानीय विधायक पंकज गुप्ता के एक कार्यक्रम में आए थे। उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उनके बहकावे में कोई नहीं आएगा। ओवैसी जैसों को देश की जनता पहचान चुकी है। इसी वजह से दोनों समुदाय के लोग राम मंदिर निर्माण में शांतिपूर्ण ढंग से सहयोग कर रहे हैं।
परियर में उन्नाव सांसद ने तीर्थयात्रियों की बस को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या रवाना किया। इस पर साक्षी महाराज ने मुलायम सिंह पर हमला करते हुए बोला कि वे कहते थे कि अयोध्या के बैरियर से परिंदा भी पर नहीं मार सकता है लेकिन आज तीर्थयात्रियों की बस को हरी झंडी दिखा रहा हूं। कहा कि अयोध्या बैरियर को हमने तोड़ा था और उन घटनाओं का मैं प्रत्यक्षदर्शी हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि किसी को क्या मालूम था कि 56 इंच वाला अयोध्या आएगा और राम मंदिर का शिलान्यास होगा।












Click it and Unblock the Notifications