'ऑक्सीजन की कमी से एक भी मौत नहीं', केंद्र के जवाब पर बोले अखिलेश- सरकार ने कई लोगों को अनाथ बना दिया
उन्नाव, 21 जुलाई: 'कोरोना महामारी के दौरान ऑक्सीजन की कमी से किसी की मौत नहीं हुई', केंद्र सरकार के इस जवाब के बाद विपक्ष ने सरकार को घेर लिया है। बुधवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अगर सरकार समय पर ऑक्सीजन की व्यवस्था करती तो लोगों की जान बचाई जा सकती थी। कई लोगों को सरकार ने अनाथ बना दिया। भाजपा शासन में सस्ती और आसानी से मिलने वाली दवाओं की भी कालाबाजारी हुई।

बता दें, केंद्र सरकार ने मंगलवार को राज्यसभा में बताया था कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन की कमी से किसी की मौत की जानकारी राज्यों ने नहीं दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई इस जानकारी को लेकर विपक्ष हमलावर है। कांग्रेस विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा था कि वो स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाएंगे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट करके कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की कमी से इसलिए मौतें हुईं क्योंकि सरकार ने ऑक्सीजन निर्यात 700 फीसदी तक बढ़ा दिया था। उन्होंने कहा कि सरकार ने ऑक्सीजन ट्रांसपोर्ट करने वाले टैंकरों की व्यवस्था नहीं की। इसके अलावा अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगाने में कोई सक्रियता भी नहीं दिखाई।
Recommended Video
अखिलेश ने आगामी चुनाव 350 सीटें जीतने का किया दावा
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आज उन्नाव दौरे पर हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर किए गए सवाल पर अखिलेश यादव ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी अपने गठबंधनों के साथ 350 सीटें जीतने जा रही है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने फैसला किया है कि बड़े दलों से गठबंधन नहीं होगा। पार्टी छोटे दलों को साथ लेकर चलने का काम करेगी और जिसको भी बीजेपी को हराना है उसके लिए समाजवादी पार्टी के दरवाज़े खुले हैं।












Click it and Unblock the Notifications