MP : अ.भा.कालिदास समारोह की तैयारी, शुभारंभ के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को किया जाएगा आमंत्रित
उज्जैन, 12 सितंबर : मध्य प्रदेश शासन के तत्वावधान में विक्रम विश्वविद्यालय एवं कालिदास संस्कृत अकादमी द्वारा आयोजित अखिल भारतीय कालिदास समारोह 4 नवंबर से 10 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। समारोह का शुभारंभ 4 नवम्बर को होगा और 10 नवम्बर को समारोह का समापन होगा। संस्कृति और पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर की अध्यक्षता में सोमवार 12 सितम्बर को दोपहर में कालिदास संस्कृत अकादमी स्थित अभिनव नाट्यगृह में स्थानीय समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर देवड़ा, उपाध्यक्ष शिवानी कुंवर, नगर निगम सभापति कलावती यादव, महर्षि पाणिनी संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति सीजे विजय कुमार मेनन मौजूद रहे।

समारोह गरिमामय एवं भव्यता के साथ मनाया जायेगा
मंत्री उषा ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि, अखिल भारतीय कालिदास समारोह के शुभारम्भ के लिये वे स्वयं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को आमंत्रित करने एवं स्वीकृति प्राप्त करने के लिये जायेंगी। समारोह गरिमामय एवं भव्यता के साथ मनाया जायेगा। स्थानीय समिति श्रेष्ठतम कार्यक्रमों को पूरा कराने का पूरा प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि, कलश यात्रा में आम जनमानस के साथ-साथ समिति के सदस्य और सदस्य के आसपास रहने वाले पड़ोसी को भी साथ लेकर शामिल होने का अनुरोध किया है। कलश यात्रा में जो सदस्य उपस्थित न होते हैं, तो वे स्वेच्छा से स्थानीय समिति से अलग हो जायें।
कवि कालिदास ने प्राकृतिक सौन्दर्य को सजीव किया है
संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि, अखिल भारतीय कालिदास समारोह की भव्यता लाने के लिये शासन-प्रशासन पूरी क्षमता के साथ काम करेगा। उन्होंने कहा कि, नगर निगम के वार्ड में समितियों का गठन कर समारोह में नगरवासियों को भी जोड़ा जाये। कालिदास संस्कृत अकादमी परिसर के सौन्दर्यीकरण एवं भवन आदि की भव्यता के लिये भी प्रयास किया जायेगा। इस पर भी संस्कृति विभाग चिंता कर रहा है। कवि कालिदास ने प्राकृतिक सौन्दर्य को सजीव किया है। उन्होंने सांस्कृतिक मूल्यों को संजोया है। इसलिये महान कवि कालिदास के समारोह का गौरव बढ़ाने के लिये हरसंभव प्रयास किया जाता रहा है, और आगे भी किया जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications