जॉब अलर्ट! MP के इस शहर में प्लेसमेंट ड्राईव, रोजगार के बंपर अवसर
उज्जैन, 16 अगस्त: मध्यप्रदेश में इन दिनों नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी निकलकर सामने आई है, जहां धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था मक्सी रोड में 18 अगस्त को गुजरात की सुजुकी मोटर्स चयन हेतु कैम्पस प्लेसमेंट ड्राईव पर आ रही है। इस कैम्पस प्लेसमेंट ड्राईव में केवल मध्य प्रदेश के शासकीय अथवा प्रायवेट आईटीआई से फिटर, डीजल मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, टर्नर, मशीननिस्ट, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, टूल एण्ड डाई मेकर, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर, ट्रेक्टर मैकेनिक व पेंटर जनरल ट्रेड में उत्तीर्ण पुरूष उम्मीदवार भाग ले सकते हैं।

इस आयु वर्ग के अभ्यर्थी होंगे शामिल
अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 23 वर्ष एवं जो वर्ष 2017, 18, 19, 20 एवं 21 में पासआऊट हैं, कैम्पस प्लेसमेंट ड्राईव में भाग ले सकेंगे। सभी उम्मीदवार का आईटीआई उत्तीर्ण एवं 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। जॉब लोकेशन हसलपुर गुजरात रहेगी। कैम्पस 18 अगस्त को प्रात: 9 बजे प्रारम्भ होगा। वहीं इस प्लेसमेंट ड्राइव को लेकर युवाओं में अच्छा खासा उत्साह देखने मिल रहा है जहां बड़ी संख्या में युवा इस प्लेसमेंट ड्राइव में शामिल होंगे।
रोजगार के अच्छे अवसर
मध्यप्रदेश में इन दिनों लगातार कंपनियां प्लेसमेंट ड्राइव चला रही है, जहां युवाओं को नौकरियां दी जा रही है। आईटीआई के माध्यम से अब तक कई युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। यही कारण है कि, युवाओं का आईटीआई के प्रति झुकाव और बढ़ता चला जा रहा है। आईटीआई की माध्यम से युवाओं में कौशल विकास का काम किया जाता है। साथ ही कंपनियों को भी योग्य कर्मचारी आईटीआई की मदद से मिलते हैं। उधर, सरकार की ओर से भी युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जहां अलग-अलग विभागों में लगातार भर्तियां निकाली जा रही है। साथ ही विभागों में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। कुल मिलाकर देखा जाए तो मध्य प्रदेश सरकार इन दिनों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए अलग-अलग तरह के प्रयास करती नजर आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications