Ujjain News: महाशिवरात्रि पर आसानी से करना है महाकाल दर्शन तो इन बातों का रखें ध्यान
Mahashivratri 2024: उज्जैन में कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने कहा है कि महाशिवरात्रि के अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक दर्शन हो सके, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही है। बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित यातायात, पार्किंग इत्यादि की भी व्यवस्था की जा रही हैं।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए जगह-जगह हेल्प डेस्क, पेयजल, चलित शौचालय, मेडिकल सुविधा इत्यादि की भी व्यवस्था रहेगी। कलेक्टर श्री सिंह बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक को संबोधित कर रहे रहे थे.

कलेक्टर सिंह ने कहा कि, शांति समिति की बैठक में सदस्यों द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण सुझावों पर अमल किया जाएगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, प्रशासक महाकाल मंदिर संदीप सोनी, एडीएम श्री अनुकूल जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुरु प्रसाद पाराशर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयंत सिंह राठौर, श्री पारस जैन सहित शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहें।
शांति समिति की बैठक में प्रमुख रूप से महाशिवरात्रि पर्व सहित अन्य आगामी पर्वों के आयोजन पर विस्तार से चर्चा की गई। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रशासक श्री संदीप सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि महाशिवरात्रि पर्व पर बेहतर व्यवस्था के लिए तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इंदौर और देवास से आने वाले वाहनों के लिए विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। जिसमें सबसे पहले कर्कराज पार्किंग, उसके बाद मेघदूत पार्किंग , इंजीनियरिंग ग्राउंड , शांति धाम और तपोंभूमि को पार्किंग व्यवस्था की जाएगी। बड़नगर की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए कार्तिक मेला स्थल पर पार्किंग रहेगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान पर्याप्त संख्या में बसे निशुल्क चलाई जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को मंदिर के समीप तक आने और जाने की सुविधा रहेगी।
उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर 24 घंटे राउंड द क्लॉक हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। मंदिर परिसर सहित लगभग विभिन्न स्थानों पर 25 हेल्थ डेस्क लगाए जाएंगे, जिसमें लगभग तीन व्यक्ति कार्य करेंगे। जिसमें आगुंतक किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। जगह-जगह डिस्प्ले बोर्ड भी लगाए जाएंगे। जिसमें श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त हो सकेगी।
प्रशासक ने बताया कि, महाशिवरात्रि के दौरान चलित भस्म आरती की जाएगी। लगभग 2 किलोमीटर के अंदर ही श्रद्धालों मंदिर में प्रवेश और दर्शन और भ्रमण कर प्रस्थान कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में लगभग हर ढाई सौ मीटर पर पानी की व्यवस्था, 300 से 400 मीटर पर चलित शौचालय की व्यवस्था रहेगी। संपूर्ण व्यवस्थाओं का सीसीटीवी के माध्यम से सर्विलेंस किया जाएगा। जगह-जगह एलईडी लगाई जाएगी। जिसके माध्यम से श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सकेंगे। लगभग 50 मजिस्ट्रेट ड्यूटी सहित, मंदिर, पुलिस, राजस्व सहित विभिन्न विभागों के अमला और अन्य एजेंसियां भी तैनात रहेगी। बताया गया कि वरिष्ठ जनों और दिव्यांगजनों के लिए नीलकंठ सहित विभिन्न पार्क प्रवेश स्थलों पर ई कार्ट की भी व्यवस्था रहेगी। 12 जगह पर मेडिकल टीम तैनात रहेगी और तीन स्थानों पर एंबुलेंस व्यवस्था की गई।
ये भी पढ़े- Ujjain: महाशिवरात्रि से पहले महाकाल का अद्भुत स्वरूप, उमा-महेश ने भक्तों को दर्शन दिए












Click it and Unblock the Notifications