Diwali 2024: देश में सबसे पहले महाकाल मंदिर में मनी दिवाली, पुजारियों ने जलाई फुलझड़ी
MP में दीपावली का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है, जहां धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकालेश्वर मंदिर में दीपावली पर्व की शुरुआत की गई। भस्म आरती के दौरान पुजारियों ने फुलझड़ी जलाकर दीपावली पर्व का शुभारंभ किया।
भस्म आरती के दौरान भगवान महाकालेश्वर को अन्नकूट के साथ उबटन लगाया गया। दीपावली पर्व को देखते हुए मंदिर परिसर में आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है। साथ ही पूरे मंदिर परिसर को फूलों से सजाया गया है। दीपावली का पर्व सबसे पहले भगवान महाकाल के दरबार में मनाया जाता है, फिर इसके बाद शहर भर में आनंद के साथ लोग इस पर्व को मनाते हैं।

भगवान की भस्म आरती हुई
दीपावली पर्व पर भगवान महाकालेश्वर के दरबार में उत्साह नजर आ रहा है, जहां सुबह 4 बजे भस्म आरती के दौरान भगवान महाकाल का गर्म जल से स्नान कराया गया। इसके बाद पंचामृत अभिषेक कर पूजन अर्चन किया गया। भगवान महाकालेश्वर का आभूषणों से श्रृंगार किया गया है, तो वहीं सुगंधित पुष्पों से बनी माला भगवान को अर्पित की गई है। दीपावली पर्व पर बड़ी संख्या में भक्त, भगवान महाकालेश्वर के दर्शन के लिए धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचते हैं, जहां इसी को देखते हुए मंदिर परिसर में तैयारियां की गई हैं।
दीपावली पर्व का उत्साह
प्रदेश भर में दीपावली पर्व का उत्साह नजर आ रहा है, जहां धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित बाबा महाकालेश्वर के मंदिर में भी भगवान महाकाल को उबटन लगा कर और पुजारियों की ओर से फुलझड़ी जलाकर दीपावली पर्व का शुभारंभ किया गया। उधर, प्रदेशभर के लक्ष्मी मंदिरों में भक्तों की बड़ी संख्या नजर आ रही है, जहां भक्त माता लक्ष्मी के दर्शन पूजन कर माता लक्ष्मी को अपने घर आने का आमंत्रण दे रहे हैं। कुलमिलाकर, देखा जाए तो प्रदेश भर में दीपोत्सव का हर्षोल्लाह देखने मिल रहा है, जहां लोग दीपावली पर्व को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं। वहीं बाजारों में भारी भीड़ देखने मिल रही है।
ये भी पढ़े- MP Weather: दिवाली पर बरसेंगे बदरा, इन जिलों में हो सकती है झमाझम बारिश












Click it and Unblock the Notifications