Bhutdi amavasya 2023: रामघाट पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, देखने मिला अनूठा नजारा
भूतड़ी अमावस्या के पावन पर्व पर उज्जैन में श्रद्धालु शिप्रा नदी में आस्था की डुबकी लगाने के साथ ही पूजन अर्चन करते नजर आ रहे हैं।

धार्मिक नगरी उज्जैन में भूतड़ी अमावस्या का पर्व भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामघाट और त्रिवेणी घाट समेत अलग-अलग घाटों पर स्नान के लिए पहुंचे हैं। इस दौरान श्रद्धालु शिप्रा नदी में आस्था की डुबकी लगाने के साथ ही पूजन अर्चन करते नजर आ रहे हैं। वहीं भूतड़ी अमावस्या को देखते हुए प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था के खास इंतजाम घाट पर किए गए हैं। सुबह से शुरू हुआ स्नान और पूजन का सिलसिला देर शाम तक जारी रहेगा।
ऐसी है स्नान व्यवस्था
धार्मिक नगरी उज्जैन में भूतडी अमावस्या पर्व पर क्षिप्रा नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड रही है, जिसे देखते हुए जिला सेनानी होमगार्ड/एसडीईआरएफ ने सोमवार को घाटों का निरीक्षण किया था, एवं जवानों को दिशा/निर्देश दिए थे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ के लगभग 120 जवान त्रिवेणी घाट, भूखीमाता घाट, नृसिंह घाट, रामघाट, सुनहरी घाट, मंगलनाथ घाट, सिद्धवट घाट एवं केडी पैलेस पर आवश्यक आपदा उपकरणों के साथ तैनात किये गये हैं। भूतडी अमावस्या पर्व पर केडी पैलेस पर अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए केडी पैलेस पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था हेतु एसडीईआरएफ की प्रमुखता से तैनाती की गई है।
मनाया जाएगा गौरव दिवस
आगामी 22 मार्च को रामघाट पर मनाये जाने वाले गौरव दिवस हेतु घाट पर आठ मोटरबोट एवं आपदा उपकरणों के माध्यम से श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु 45 जवान रामघाट पर तैनात किये गये हैं। शिप्रा नदी की सम्पूर्ण घाट सुरक्षा व्यवस्था हेतु होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ के छह प्लाटून कमाण्डर सहित 120 जवानों को जिला सेनानी संतोष कुमार जाट के निर्देशन में तैनात किया गया है। कुल मिलाकर देखा जाए तो धार्मिक नगरी उज्जैन में भूतड़ी अमावस्या के पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए राम घाट और त्रिवेणी घाट पहुंचे हैं, जिसके चलते नदी किनारे भारी भीड़ नजर आ रही है।
ये भी पढ़े- MP के इस गांव में नहीं होती ओलावृष्टि, मान्यता- हनुमान मंदिर में उल्टा हल लगाने से होता है चमत्कार












Click it and Unblock the Notifications