MP: अपराधी के खेत में बुलडोजर की जगह चला हार्वेस्टर, प्रशासन ने 28 एकड़ में कटवाई फसल
हत्या के आरोपियों पर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बोई गई फसल पर बुलडोजर की जगह पर हार्वेस्टर चलवाया गया है। करीब 28 एकड़ में गेहूं की फसल काटकर मंडी में रखवाई गई है।

मध्य प्रदेश में अपराधियों पर बुलडोजर (bulldozer) चलाने में प्रशासन माहिर हो गया है, लेकिन प्रशासन इससे आगे जाकर भी कार्रवाई करने लगा है। अपराधियों द्वारा अतिक्रमित जमीन पर खेती कर बोई गई फसल को नष्ट करने के बजाय प्रशासन ने हार्वेस्टर (harvester) चलाकर फसल को उठवा लिया और जमीन को अतिक्रमण मुक्त भी करा लिया। यह कार्रवाई टीकमगढ़ जिले के मड़खेरा में हत्या के आरोपी के खिलाफ की गई थी।
टीकमगढ़ जिले की मोहनगढ़ तहसील के मड़खेरा ग्राम पंचायत में स्थानीय प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने मिलकर हत्या के आरोपियों द्वारा सरकारी जमीन पर कब्जा कर की गई गेहूं की खेती को हार्वेस्टर से कटवाया है। कार्रवाई के दौरान पूरे समय मौके पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। बता दें कि प्रशासन ने सरकारी जमीन पर करीब 28 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल को कटवाया है। जतारा एसडीएम अभिजीत सिंह, मोहनगढ़ तहसीलदार नितिन राय सहित राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस बल इस दौरान पूरे समय मौजूद रहा।
Recommended Video
बेरहमी से मारपीट व हत्या के आरोपी किए थे कब्जा
पुलिस व प्रशासन से मिली जानकारी अनुसार मड़खेड़ा की ग्राम पंचायत चंदोखा में बीते दिनों 6 लोगों ने मिलकर राजाराम पाल और उसकी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। इलाज के दौरान राजाराम की अस्पताल में मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। हालांकि घटना के एक सप्ताह के अंदर पुलिस ने हत्या के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। प्रशासन की जांच में सामने आया था कि आरोपियों ने 28 एकड़ सरकारी जमीन पर कब्जा कर गेहूं की फसल बोई है। इस जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की है। इस दौरान फसल को नष्ट न कर उसे हार्वेस्टर से कटवाया गया है। इस फसल को मंडी में रखवाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications