JIO Fiber वर्क के दौरान एमपी के टीकमगढ़ में बड़ा हादसा, दीवार ढहने से 1 मजदूर की मौत, रोड पर खड़ी गाड़ी भी पलटी
JIO Fiber: प्राइवेट कंपनियों के बेढंगे और सुरक्षा ताक पर रखकर करवाए जाने वाले काम जानलेवा बन जाते हैं। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में इसी की बानगी देखने को मिली। एक टेलीकॉम कंपनी की फाइबर केबल डालने के कार्य के दौरान बड़ी घटना हो गई। दीवार ढहने से ठेकेदार का एक कर्मचारी मलबे में दब गया और उसकी मौत हो गई।
घटना नगर परिषद बल्देवगढ़ इलाके में हुई। जहां पुलिस ने बताया कि जियो फाइबर केबल डालने के साथ-साथ वहां नाली निर्माण का कार्य भी चल रहा था। केबल डालने वाले और नाली निर्माण करने वाले लोग ठेकेदार के कर्मचारी थे। तभी अचानक वहां दीवार भरभराकर ढह गई, जिसकी चपेट में यूपी का रहने वाला एक मजदूर आ गया। जबकि बाकी अन्य मजदूर और कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई।

चीख-पुकार मची तो आस-पास के लोग भी दौड़े, लेकिन ढही दीवार के मलबे में प्रेमचंद साहू नाम का मजदूर बुरी तरह फंसा हुआ था। जब तक घटना स्थल पर प्रशासन के अधिकारी पहुंचते और राहत बचाव कार्य शुरू होता, प्रेमचंद ने दम तोड़ दिया। मौके पर जेसीबी पहुंची तब कही बड़ी मशक्कत के बाद मलवे और पत्थरों में दबे शव को बाहर निकाला जा सका।
बताया गया जियो कम्पनी अपने फाइबर केबल फाल्ट सुधारने जरुरत के हिसाब से वेंडर नियुक्त करता हैं। उन्ही वेंडर्स के कर्मचारी किसी फाल्ट को सुधार रहे थे। घटना स्थल पर जहां नाली का निर्माण कार्य हो रहा था, वही सड़क किनारे एक बोलेरो गाड़ी भी खड़ी थी। दीवार गिरने से मिट्टी धंसी तो वह वाहन भी पलट गया। जिसे क्रेन की मदद से हटवाया गया। इस दौरान लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। क्षेत्रीय लोगों का कहना था कि निर्माण सुधार कार्य करने वाले ठेकेदार सुरक्षा ताक पर रखकर कर्मचारियों से काम करवाते हैं। कार्य के दौरान ने तो किसी तरह के संकेतक लगे होते है और न ही बैरीकेडिंग की व्यवस्था रहती हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश देते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उधर मृतक का शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।
संवाद सूत्र- ब्रजेश रजक, सागर मध्य प्रदेश












Click it and Unblock the Notifications