केरल में बोले राजनाथ सिंह, अगर हमारी सरकार बनी तो लव जिहाद के खिलाफ लाएंगे कानून
तिरुवनंतपुरम। केरल में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को तिरुवनंतपुरम पहुंचे। यहां राजनाथ सिंह ने पहले तो एक जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद एक रोड शो में शामिल हुए। रोड शो के बाद रक्षा मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने LDF और UDF पर निशाना साधा। राजनाथ सिंह ने कहा कि केरल में एलडीएफ और यूडीएफ दोनों मिलकर 'फ्रैंडली मैच' खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां केरल की जनता के साथ एक-एक करके धोखाधड़ी कर रही हैं।

केरल की जनता बदलाव चाहती है- राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने कहा कि केरल में अब एलडीएफ-यूडीएफ का वक्त खत्म हो चुका है। दोनों राजनीतिक गठबंधन केरल के लोगों की नयी आकांक्षाओं को नहीं समझते। लोग बदलाव चाहते हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि केरल में जीत चाहे LDF की हो या UDF की, अंत में हार केरल की जनता की हो रही है।
गरीबों को हर साल 6 गैस सिलेंडर देंगे- राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने कहा कि हम केरल में केंद्र सरकार की नीतियों को प्रभावी रूप से लागू करेंगे, साथ ही गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों को हर साल 6 गैस सिलेंडर देंगे। भाजपा केरल में हिंसा और भ्रष्टाचार को खत्म करेगी। भाजपा जाति, धर्म के नाम पर राजनीति नहीं करती है।
लव जिहाद के खिलाफ लाएंगे कानून- राजनाथ सिंह
इस दौरान राजनाथ सिंह ने केरल में लव जिहाद के खिलाफ कानून लाने की भी बात कही। उन्होंने कहा, "भाजपा की नीति एकदम साफ है कि हम किसी का तुष्टिकरण नहीं करेंगे,जब हम सत्ता में आएंगे, तो हम 'लव जिहाद' के खिलाफ एक कानून बनाएंगे।"
सबरीमाला मंदिर को लेकर कानून लाएगी बीजेपी सरकार- राजनाथ सिंह
आपको बता दें कि इससे पहले रक्षा मंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि अगर केरल में उनकी पार्टी सत्ता में चुनकर आती है तो सबरीमाला मंदिर की परंपराओं और प्रथाओं की रक्षा के लिए एक कानून लेकर आएगी। आपको बता दें कि राजनाथ सिंह केरल में बीजेपी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शुमार थे। इसी वजह से वो केरल में पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करने पहुंचे हैं।












Click it and Unblock the Notifications