केरल में 'तौकते' तूफान का कहर, 10 सेकंड में गिरी दो मंजिला इमारत, देखें वीडियो
तिरुवनंतपुरम, मई 15: अरब सागर से उठा तौकते तूफान अब विकराल रूप धारण करता जा रहा है, जिसके बाद केरल में कुदरत का कहर जमकर बरस रहा है। स्थिति यह है कि वहां के घरों और सार्वजनिक संपत्तियों के बड़े नुकसान की खबर हैं। भारी बारिश और हवा ने दक्षिणी राज्य को प्रभावित किया है, क्योंकि चक्रवात तौकते और तेज हो गया है। हालत यह है कि तटीय इलाकों में सामान्य जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया। केरल के कासरगोड में तटीय कटाव के कारण एक दो मंजिला घर समुद्र में भरभराकर गिर गया।

इस तूफान के भयानकता की एक वीडियो सामने आई है, जिसमें एक सफेद रंग की इमारत समुद्र में गिरती हुई दिखाई दे रही है, जिसके पीछे कुछ अवशेष रह गए हैं। 14 सेकंड के इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे पहले बिल्डिंग में कंपन होता है और फिर वो भरभराकर धराशाही हो जाती है। इसके अलावा राज्य के और इलाकों में भारी नुकसान होने की खबर हैं। समुद्र से उठ रही ऊंची लहरों ने तटीय इलाकों में तबाही मचा दी है।
मौसम विभाग ने एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझीकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में आज के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में एक या दो स्थानों पर गरज के साथ मध्यम बारिश और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं चलने की संभावना है।
अलाप्पुझा में तेज हवाओं के कारण कई पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। इससे जिले के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। चक्रवात तौकते के कारण समुद्र के उबड़-खाबड़ हो जाने से केरल के तटीय गांव बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। कुट्टनाड समेत राज्य के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। त्रिशूर जिले के एर्नाकुलम में उच्च ज्वार के कारण कई घर जलमग्न हो गए हैं। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को पास के राहत शिविरों में स्थानांतरित कर दिया है। गनीमत यह रही कि अब तक किसी बड़े हताहत की खबर नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications