यूपी पंचायत चुनाव: सुल्तानपुर में प्रधान पद के प्रत्याशी की पीट-पीटकर हत्या, फोर्स तैनात
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में गुरुवार देर रात दबंगों ने प्रधान पद के प्रत्याशी को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक शख्स की मौत हो चुकी थी। इस हमले में दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन कई थानों की फोर्स तैनात कर दी गई है।

क्या है पूरा मामला?
घटना चांदा कोतवाली क्षेत्र के फर्मापुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक, फर्मापुर गांव में प्रधान पद के प्रत्याशी अमरदेव देव गौतम गुरुवार को रामगंज बाजार गए हुए थे। इसी दौरान मुनीपुर गांव के रहने वाले राजेंद्र वर्मा के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई। अमरदेव अपने घर लौटे और चाचा समेत कुछ लोगों के साथ मुनीपुर गांव राजेंद्र की शिकायत करने पहुंचे। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ा कि राजेंद्र वर्मा की तरफ से लाठी डंडों से हमला कर दिया गया। हमले में अमरदेव समेत तीन लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। आनन-फानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अमरदेव की पहले ही मौत हो चुकी थी। अन्य दो घायलों का इलाज चल रहा है।
Recommended Video
चार नामजद सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर चार नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। इस मामले में एसपी सुल्तानपुर विपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि मामूली कहासुनी में फर्मापुर गांव के प्रधान प्रत्याशी अमरदेव गौतम को बगल के मुनीपुर गांव के राजेंद्र वर्मा और उनके परिवार के लोगों ने बुरी तरह मारा-पीटा, जिससे अमरदेव गौतम गंभीर रूप से जख्मी हो गए। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications