लखनऊ से लौट रहे 6 युवक के साथ हाईवे पर हुआ भयानक हादसा, दो की दर्दनाक मौत
सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर बुधवार की देर रात टायर फटने से अनियंत्रित सफारी कार पलट जाने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। बाकी घायल चार युवकों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जिसमें दो की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है। सफारी कार सवार युवक पीपरपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

सफारी कार में 6 युवक बुधवार की सुबह दुकान के समान की खरीददारी करने लखनऊ गए थे। देर रात लखनऊ से वापस आ रहे थे कि कुड़वार थाना क्षेत्र के असरोगा के निकट उनकी गाड़ी का टायर फट जाने पर ड्राइव कर रहा अमित मिश्र व पीछे बैठे सुनील पाण्डेय चलती गाड़ी से कूद गए। इनके कूदते ही कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई जिससे सुनील उर्फ मुन्नू पांडे (35) निवासी रामपुर व चालक अमित मिश्रा (30) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

कार में सवार सोनारी निवासी अमित सिंह, खरगीपुर निवासी जय प्रकाश मिश्र, रायपुर निवासी अजय यादव व रामपुर निवासी संजय तिवारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान जयप्रकाश मिश्र व संजय तिवारी की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications