सुल्तानपुर कोर्ट में राहुल गांधी ने दर्ज कराया अपना बयान, बोले- मैं निर्दोष हूं, जानें क्या है मामला?
Rahul Gandhi defamation case: मानहानि के मामले में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को सुल्तानपुर जिले की एमपी एमएलए कोर्ट में पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने खुद को निर्दोष बताया। उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ राजनीतिक साजिश हुई है।
राहुल गांधी करीब 16 मिनट तक कोर्ट रूम में रहे। इस दौरान उन्होंने अपने ऊपर लग गए सारे आरोपों से इनकार किया। उन्होंने यह भी कहा कि मेरी और मेरी पार्टी की छवि को धूमिल करने के लिए यह आरोप लगाए गए हैं। इस मामले में अब अगली सुनवाई 12 अगस्त को होगी।

राहुल गांधी के सुल्तानपुर पहुंचने की जानकारी कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को पहले से ही थी। ऐसे में सुल्तानपुर पहुंचने के बाद राहुल गांधी के ऊपर नेताओं कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्प वर्षा की गई। इसके अलावा कुछ जगहों पर कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के समर्थन में नारेबाजी भी की।
यह है पूरा मामला
दरअसल, साल 2018 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी द्वारा एक बयान दिया गया था। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को हत्या का आरोपी बता दिया था। इस मामले को लेकर सुल्तानपुर के रहने वाले विजय मिश्रा द्वारा साल 2018 में ही मानहानि का केस दर्ज कराया गया था।
इसी मामले में राहुल गांधी पर दिसंबर 2023 में एमपी एमएलए कोर्ट द्वारा गैर जमानती वारंट की प्रक्रिया शुरू की गई थी। उसके बाद 20 फरवरी 2024 को उन्होंने कोर्ट में सरेंडर किया था। उसके बाद 25 25 हजार के दो बांड पर राहुल गांधी को जमानत दे दी गई थी।
मामले की सुनवाई सुल्तानपुर की एमपी एमएलए कोर्ट में चल रही है। पिछली तारीख पर सुनवाई के दौरान 26 जुलाई को कोर्ट द्वारा राहुल गांधी को पेश होने का निर्देश दिया था। इसी के चलते कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे।
राहुल गांधी लखनऊ से सड़क मार्ग से सुल्तानपुर पहुंचे। सुल्तानपुर कलेक्ट्रेट पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राहुल गांधी सुल्तानपुर एमपी एमएलए कोर्ट मैं पहुंच कर राहुल गांधी ने अपना बयान दर्ज कराया।
क्या बोले राहुल गांधी की वकील
इस बारे में राहुल गांधी के वकील काशी शुक्ल द्वारा बताया गया कि मौजूदा समय में संसद सत्र चल रहा है इसके बावजूद भी राहुल गांधी सुल्तानपुर कोर्ट में आए। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया और मुकदमे की अगली सुनवाई 12 अगस्त मिली है।
राहुल गांधी ने जज के सामने खुद को निर्दोष बताया और उन्होंने कहा कि मेरे ऊपर लगाए गए सारे आरोपों से मैं इनकार करता हूं। उन्होंने यह भी कहा कि मेरे ऊपर जो भी आरोप लगाए गए हैं वह मेरी पार्टी और मेरी छवि को धूमिल करने के लिए लगाए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications