कश्मीर के कुलगाम में मुठभेड़, 2 आतंकवादी ढेर
श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में गुरुवार रातभर चली मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। इस दौरान दो सैनिकों सहित चार लोग घायल हुए हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "कुलगाम में पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ आतंकवादियों की मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आतंकवादी मारे गए।"

चेनिगाम गांव में सशस्त्र आतंकवादियों के छुपे होने की गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस, राष्ट्रीय राइफल्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 18वीं बटालियन ने गुरुवार शाम इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू की।
अधिकारी ने बताया, "सुरक्षा बलों की टीम पर आतंकवादियों ने गोलीबारी की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए और उनसे हथियार और कारतूस बरामद किया गया। मृत आतंकवादियों की पहचान नहीं हो पाई है।"
पुलिस ने बताया कि चेनिगाम मुठभेड़ दो आतंकवादियों के मारे जाने के बाद समाप्त हो गया। हालांकि, मुठभेड़ फिर शुरू हुई और शुक्रवार को चार लोग घायल हो गए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "चेनिगाम गांव में मुठभेड़ स्थल से सुबह दो आतंकवादियों का शव बरामद किए जाने के बाद गोलीबारी एकबार फिर शुरू हुई, जिसमें दो सैनिक, सीआरपीएफ के एक जवान और एक आम नागरिक घायल हो गए।" उन्होंने बताया, "घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और सुरक्षा बलों ने एकबार फिर अभियान शुरू किया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications