Neeraj Chopra: 'कभी था 80 किलो का मोटू बेबी, आज है गबरू जवान', जानिए गोल्डन बॉय की अनसुनी बातें
Neeraj Chopra: WAC 2023: 'कभी था 80 किलो का मोटू बेबी, आज है गबरू जवान', जानिए गोल्डन बॉय की अनसुनी बातें
Golden BOY Neeraj Chopra: भारत के 'गोल्डन बॉय' नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में स्वर्ण पदक जीतकर बड़ा धमाका किया है, चारों ओर केवल नीरज चोपड़ा की ही बातें हो रही हैं, पूरा देश अपने इस गबरू जवान के खेल से गदगद है। आपको बता दें कि 25 साल के नीरज चोपड़ा वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट हैं।

इससे पहले सितंबर 2022 में नीरज चोपड़ा ने ज्यूरिख में 'डायमंड लीग फाइनल्स' का खिताब जीता था, वो इसे भी जीतने वाले पहले इंडियन एथलीट थे लेकिन क्या आप जानते हैं कि आज जिस हैंडसम और डैशिंग नीरज चोपड़ा की पूरी दुनिया दीवानी है, वो कभी 'मोटा सा क्यूट बेबी' हुआ करता था और उन्होंने अपना वजन कम करने के लिए भाला उठाया था।
चलिए जानते हैं देश के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा की कुछ अनसुनी बातें
टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा पहले भारतीय हैं, उन्होंने 87.58 मीटर जैवलिन थ्रो फेंककर भारत को पहली बार इस कैटेगरी में सोना दिलाया था और दिवंगत दिग्गज एथलीट मिल्खा सिंह का ख्वाब पूरा किया था क्योंकि उनका सपना था कि कोई भारतीय एथलीट कैटेगरी में ओलंपिक में गोल्ड जीते, इसलिए सोना जीतने के बाद नीरज चोपड़ा ने अपनी जीत मिल्खा सिंह को समर्पित की थी।
नीरज चोपड़ा कभी 80 किलो के हुआ करते थे...
आपको जानकर हैरत होगी कि पानीपत के रहने वाले नीरज चोपड़ा कभी 80 किलो के हुआ करते थे और इन्हें लोग 'मोटू बेबी' कहकर चिढ़ाया करते थे, वजन कम करने के लिए उनके घरवाले उन्हें स्टेडियम में कसरत करने के लिए रोज सुबह-शाम भेजा करते थे, जहां नीरज ने शौकिया तौर पर भाला फेंकना, रस्सी कूदना और जंपिग करना शुरू किया था लेकिन तब किसी को नहीं पता था ये ही बच्चा विश्वपटल पर भारत के तिरंगे को इतराने का मौका देगा।
नीरज चोपड़ा एक अनुशासन भरा जीवन जीते हैं
अपने अदभूत प्रदर्शन से सबको चौंकाने वाले नीरज चोपड़ा एक अनुशासन भरा जीवन जीते हैं। वो रेगुलर कसरत करते हैं और देसी खाना खाते हैं, पहले तो वो शुद्ध शाकाहारी थे लेकिन जब से उन्होंने इंटरनेशनल लेवल पर खेलना शुरू किया तब से उन्होंने कोच के कहने पर मीट खाना शुरू कर दिया क्योंकि भाला फेंकने के लिए काफी ताकत की जरूरत होती है और इस ताकत के लिए उन्हें प्रोटीन चाहिए होती है, इसी वजह से उन्होंने नॉनवेज खाना शुरू किया।
नीरज को दोस्त 'मोगली' कहा करते थे
नीरज को लंबे बाल रखने का शौक है और इसी कारण उन्हें दोस्त 'मोगली' कहा करते थे, आपको अचरज होगा कि नीरज के लिए जंक फूड पिज्जा-बर्गर नहीं बल्कि पानी-पुरी है लेकिन वो उन्हें बहुत पसंद है, जिसे वो जायका बदलने के लिए कभी-कभी खाते हैं।
सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाली भारतीय हस्ती...
टोक्यो ओलंपिक के बाद चोपड़ा ऑनलाइन सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाली भारतीय हस्ती थे, उन्होंने ये मुकाम विराट कोहली को पछाड़कर हासिल किया था और यही नहीं नीरज पिछले साल दुनिया के पहले एथलीट थे, जिन पर वर्ल्ड मीडिया ने सबसे ज्यादा लेख लिखे थे।












Click it and Unblock the Notifications