Asian Games 2023: जैवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा ने फिर जीता गोल्ड, सिल्वर भी भारत के पास
Neeraj Chopra Gold: चीन में चल रहे एशियन गेम्स 2023 में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। जैवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर से अपना दम दिखाते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। उन्होंने अपने ही देश के प्रतिद्वंदी खिलाड़ी किशोर जेना को हरा दिया है। किशोर जेना दूसरे स्थान पर रहकर भारत को सिल्वर दिलाने में कामयाब रहे। यानी, इस बार गोल्ड और सिल्वर दोनों भारत के पास रहे। इस तरह से भारत ने अब तक एशियन गेम्स में कुल 18 गोल्ड मेडल जीत लिए हैं और कुल मेडल 81 हो गए हैं।
88.88 मीटर के थ्रो के साथ पहले स्थान पर रहे नीरज चोपड़ा
नीरज चोपड़ा ने पुरुष जैवलिन थ्रो में 88.88 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता है। वहीं भारत के ही उनके साथी किशोर जेना ने 87.54 मीटर के थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जिसके चलते उन्होंने सिल्वर मेडल जीता है। यानी, आज भारत के लिए काफी खुशी का दिन है क्योंकि जैवलिन थ्रो में सोना और चांदी दोनों भारत के नाम रहा।

नीरज चोपड़ा को अपना पहला थ्रो दोबारा करना पड़ा
भारत के नीरज चोपड़ा का पहला थ्रो लगभग 89 मीटर के आसपास था, लेकिन तकनीकी कारणों के कारण उसे रिकॉर्ड नहीं किया गया। नीरज चोपड़ा ने अपना पहला थ्रो दोबारा फेंका और इस बार उन्होंने 82.38 मीटर का थ्रो किया। हालांकि, इसे लेकर भारतीय फैंस में नाराजगी भी दिखी। कई लोगों ने चीन की मंशा पर ही सवाल खड़ा कर दिए। वहीं, किशोर जेना ने अपने पहले प्रयास में 81.26 मीटर का थ्रो किया।
किशोर जेना ने 86.77 मीटर का थ्रो कर तोड़ा अपना पुराना रिकॉर्ड
भारत के किशोर जेना ने अपने तीसरे प्रयास में 86.77 मीटर का थ्रो करके अब तक की रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। इसके साथ ही साथ उन्होंने सीजन का अपना व्यक्तिगत नया रिकॉर्ड भी बनाया।












Click it and Unblock the Notifications