Nisha Dahiya Exclusive Interview: ओलंपिक में मेडल जीतने का पूरा होगा सपना! किसान की बेटी बढ़ाएगी देश का मान
Wrestler Nisha Dahiya Exclusive Interview: निशा दहिया ने हमेशा भारत के लिए ओलंपिक पदक जीतने का सपना देखा है। निशा दहिया ने कजाकिस्तान के अस्ताना में पिछले साल आयोजित एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता था। निशा ने चीन की दो बार की ओलंपियन फेंग झोउ को 7-6 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में निशा जापान की अमी इशी से हार गईं थी।
ओलंपिक में कब होगा मुकाबला
5 अगस्त यानी सोमवार को महिला फ्रीस्टाइल 68 किग्रा राउंड ऑफ 16 में शाम साढ़े छह बजे निशा दहिया अपना मुकाबला खेलने वाली है। ओलंपिक कोटा हासिल करने वाली पांचवीं भारतीय महिला पहलवान निशा से सभी को खासी उम्मीदें हैं। निशा ने इस मुकाबले से पहले वनइंडिया से बातचीत की है।

देश के लिए मेडल लाने का सपना
हरियाणा के पानीपत के अदियाना गांव की पहलवान निशा दहिया ने पेरिस ओलंपिक को लेकर कहा कि वह मेडल जीतकर भारत लौटेगी। वनइंडिया हिंदी से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनका देश के लिए मेडल लाने का सपना है। ओलंपिक से पहले निशा दहिया ईरान के कोच हामिर के पास 8-10 महीने तक ट्रेनिंग ली थी। जिससे उन्हें काफी फायदा मिला है।
निशा ने की कोच की तारीफ
कोच को लेकर निशा दहिया ने कहा कि बैंग्लोर के जेएसडब्ल्यू एकेडमी में कोच हामिर ने मेरे खेल को निखारने का काम किया। उन्होंने बताया कि कोच ने डिसिप्लिन को लेकर जागरुक किया। इसके अलावा तकनीक और फोकस पर भी ध्यान कंद्रित किया।
पिता को लेकर कही दिल की बात
निशा दहिया के पिता रमेश दहिया एक किसान हैं और हमेशा अपनी बेटियों को बेटों के बराबर मानते रहे हैं। परिवार को लेकर निशा दहिया ने बताया कि हम दो बहने हैं और दोनों ही बहनों को पिता ने हमेशा प्रोत्साहित किया है। निशा के मुताबिक उनके पिता ने उन्हें बेटे से कम नहीं समझा है। मेरे परिवार ने हमेशा मेरा सपोर्ट किया है। अगर कभी मेरी हिम्मत टूटती है तो फिर मेरे पिता मुझे हौसला देने का काम करते हैं।
ओलंपिक से मेडल की उम्मीद
वनइंडिया ने जब निशा से उनकी ओलंपिक तैयारी को लेकर बात की तो इस पर उन्होंने कहा कि वह मेडल जीतने की दावेदार हैं। निशा दहिया के मुताबिक पिछले कुछ समय से वह लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं और ऐसे में वह उम्मीद करती हैं कि ओलंपिक में उन्हें मेडल प्राप्त होगा।
निशा के नाम कई बड़ी उपलब्धियां
निशा दहिया ने अपने कुश्ती करियर में अब तक तीन बार भारत केसरी का खिताब जीता है। इसके अलावा सीनियर नेशनल, जूनियर नेशनल और अंडर 23 नेशनल प्रतियोगिताओं में दो-दो बार जीत हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में छह गोल्ड मेडल और अखिल भारतीय विश्वविद्यालय स्पर्धाओं में दो गोल्ड मेडल जीते हैं।












Click it and Unblock the Notifications