Khelo India Youth Games 2025: वेदांत ने महाराष्ट्र को दिलाया गोल्ड, खेलो इंडिया में बिहार की शानदार मेजबानी
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की शूटिंग टूर्नामेंट के तीसरे दिन महाराष्ट्र के वेदांत नितिन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर थ्री पोजीशंस राइफल (पुरुष युवा वर्ग) में 452.5 अंक हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वेदांत के बाद हरियाणा के रोहित कन्यन ने 451.9 अंकों के साथ सिल्वर और पंजाब के अमितोज सिंह ने 440.1 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
गोल्ड जीतने के बाद वेदांत ने कहा कि, 'पिछली खेलो इंडिया टूर्नामेंट में मैं पांचवें स्थान पर रहा था, इसलिए इस बार थोड़ा नर्वस था। लेकिन अब जब गोल्ड जीता है, तो यह बहुत खास है। मैं 2022 से खेलो इंडिया से जुड़ा हूं और सरकार की आर्थिक सहायता से ट्रेनिंग और सुविधाएं आसान हुई हैं। इस बार बिहार सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाएं सराहनीय रही हैं।'

आखिरी शॉट चूक गया, नहीं तो गोल्ड मेरा होता- रोहित कन्यन
सिल्वर मेडल विजेता रोहित कन्यन ने कहा कि, 'अगर मैंने आखिरी शॉट सही से लिया होता, तो मैं गोल्ड जीत सकता था। अब मैं आने वाली प्रतियोगिताओं में गोल्ड के लिए तैयारी कर रहा हूं।'
यह मेरी पहली खेलो इंडिया प्रतियोगिता थी- अमितोज सिंह
ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले अमितोज सिंह ने कहा कि, 'यह मेरी पहली खेलो इंडिया प्रतियोगिता थी और भगवान की कृपा से मैंने कांस्य पदक जीता।'
दिल्ली में हो रहे हैं शूटिंग, साइक्लिंग और जिमनास्टिक इवेंट
बता दें कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के तहत दिल्ली में 4 से 15 मई तक करणी सिंह शूटिंग रेंज और इंदिरा गांधी स्टेडियम में शूटिंग, साइक्लिंग और जिमनास्टिक की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications