मुश्किल वक्त में एक-दूसरे की ढाल बने सानिया मिर्जा और शोएब मलिक, बेहद रोमांटिक है दोनों की ये Love Story
सानिया मिर्जा और शोएब मलिक के बीच तलाक की खबरों ने स्टार कपल के फैंस को चिंतित कर दिया है। उस दौर की भारत की सबसे सफल महिला टेनिस खिलाड़ी और पाकिस्तानी क्रिकेटर के बीच अनबन की खबरें पहले भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन इस बार मामला कुछ ज्यादा सीरियस नजर आ रहा है। हालांकि, इस बात में कितना दम है इसकी पुष्टि तो नहीं हो पाई है, लेकिन सानिया मिर्जा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शोएब मलिक की सभी फोटो डिलीट कर मामले को हवा जरूर दे दी है।
हम इस विवाद में न पड़ते हुए ऑफिशियल बयान का इंतजार करेंगे, लेकिन इससे पहले आपको ले चलते हैं, उस दौर में जब दोनों पहली बार एक-दूसरे के करीब आए, और कब दोनों के बीच हुई दोस्ती पहले प्यार और फिर शादी में बदल गई, इस दौरान का हर पल बेहद दिलचस्प और रोमांटिक रहा।

खास नहीं रही दोनों की पहली मुलाकात
दरअसल, सानिया और शोएब की पहली मुलाकात साल 2003 में हुई थी, एक रिपोर्ट में शोएब ने बताया कि इस मुलाकात में सानिया ने उन्हें बिल्कुल भी भाव नहीं दिया था। दोनों के बीच इस मुलाकात ने कोई खास प्रभाव भी नहीं डाला, जिसके चलते दूसरी मुलाकात में एक लंबा वक्त गुजर गया।
मुश्किल वक्त में एक-दूसरे की ढाल बने सानिया और शोएब
स्टार खिलाड़ियों के बीच दूसरी मुलाकात साल 2009 में ऑस्ट्रेलिया के होबार्ट में हुई थी, और ये बातचीत इतनी शानदार रही की दोनों ने अगले ही साल 2010 में निकाह करने का फैसला किया। सानिया मिर्जा और शोएब मलिक की शादी 2010 में उस समय हुई थी जब क्रिकेटर ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के 12 महीने के प्रतिबंध का सामना किया था और भारतीय टेनिस स्टार अपने ग्रैंड स्लैम विजेता करियर में कुछ खास कमाल नहीं कर पा रहीं थीं।
सानिया मिर्जा ने एक बार एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि दोनों की पहली मुलाकात ऑस्ट्रेलिया में हुई थी। मलिक ने अपनी पहली मुलाकात की योजना बनाई थी जो होबार्ट शहर में हुई थी। टेनिस स्टार ने अपनी आत्मकथा ऐस अगेंस्ट ऑड्स में यह भी खुलासा किया था कि जब शोएब मलिक ने उनके जीवन में एंट्री की तो वह पेशेवर रूप से कठिन दौर से गुजर रही थीं।
पांच महीने तक डेट करने के बाद लिया शादी का फैसला
पांच महीने तक डेट करने के बाद सानिया मिर्जा और शोएब मलिक ने शादी कर ली। उनके निर्णय को कई लोगों ने जल्दबाजी वाला बताया, जिससे विवाद उत्पन्न हुआ। मिर्जा ने एक बार जवाब देते हुए कहा था कि, 'लोग किसी व्यक्ति को सालों तक डेट कर सकते हैं लेकिन शादी होते ही टूट जाती हैं। कुछ लोग एक-दूसरे को एक महीने तक डेट कर सकते हैं और शादी कर सकते हैं। हम भाग्यशाली थे कि हमने एक-दूसरे को पाया, तुरंत निर्णय लिया और एक-दूसरे के बारे में वैसा ही महसूस किया।'
साल 2018 में कपल के जीवन में आई गुड न्यूज
एक सर्जरी के बाद सानिया मिर्जा ने 2017 में टेनिस खेलने से ब्रेक ले लिया था। अक्टूबर 2018 में इस जोड़े ने एक बेटे, इज़हान मिर्ज़ा-मलिक का जन्म दिया। इसके बाद से समय-समय पर दोनों के अलग होने की खबरें आती रहीं, लेकिन सानिया और शोएब ने कभी भी अपने अलग होने की खबर की पुष्टि नहीं की।
विवादों में रहा सानिया मिर्जा और शोएब मलिक का रिश्ता
दोनों खिलाड़ियों को सोशल मीडिया पर काफी आलोचना का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद मिर्जा से सवाल किया गया कि क्या वह अपनी राष्ट्रीयता बदलने की योजना बना रही हैं। भारतीय टेनिस स्टार ने मीडिया से संयम बरतने का अनुरोध जारी किया था। उन्होंने कहा था, 'अलग-अलग देशों के दो लोगों ने शादी कर ली है और इसे सिर्फ शादी ही माना जाना चाहिए, इससे ज्यादा कुछ नहीं।'












Click it and Unblock the Notifications