ISSF: राजेश्वरी कुमारी ने शूटिंग में भारत को दिलाया 7वां ओलिंपक कोटा, दूसरी बार हुआ ये कारनामा
ISSF World Championships 2023: गुरुवार यानी 24 अगस्त को अजरबैजान के बाकू में महिला ट्रैप फाइनल में राजेश्वरी कुमारी ने पांचवां स्थान हासिल किया। पेरिस 2024 ओलंपिक खेलों के लिए होने वाले इस क्वालीफाइंग इवेंट में राजेश्वरी कुमारी ने शूटिंग में सातवां कोटा हासिल किया।
दूसरी बार हुआ ये कारनामा: वह महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा में ओलंपिक कोटा हासिल करने वाली शगुन चौधरी के बाद दूसरी भारतीय बनी। फाइनल में वह 30 शॉट में 19 अंक ही हासिल कर सकी। फाइनल के बाद उन्होंने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा कि मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। यह अविश्वसनीय है। आखिर कोटा मिल गया। काश मैं पदक भी जीत पाती लेकिन अच्छा लग रहा है।

पदक लेने से गई चूक: पांचों क्वालीफिकेशन दौर में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करके 125 में से 120 अंक लेकर छह निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाई थी। भारत की मनीषा कीर और प्रीति रजक क्रमश: 23वें और 58वें स्थान पर रहीं। देश के शीर्ष खेल प्रशासकों में रहे पूर्व शॉटगन निशानेबाज रणधीर सिंह की बेटी राजेश्वरी ने दिग्गज प्रतिद्वंद्वियों के बीच फाइनल में जगह बनाई लेकिन पदक से चूक गई ।
ओलंपिक कोटा इन खिलाड़ियों ने भी किया हासिल: इससे पहले भारत की सिफ्त कौर सामरा (महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन), अखिल श्योराण (पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन) और मेहुली घोष (महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल) ने पहले ही बाकू मीट में भारत के लिए ओलंपिक कोटा हासिल कर लिया था।












Click it and Unblock the Notifications