Neeraj Chopra: नीरज चोपड़ा ने लिया बड़ा फैसला, छूटा 10 साल पुराना साथ, आखिर क्या है आगे का प्लान?
Neeraj Chopra, JSW Sports: भारतीय खेल जगत से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। भारत के गोल्डन बॉय और स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने JSW स्पोर्ट्स के साथ अपने 10 साल पुराने सफर को खत्म करने का फैसला किया है। यह खबर खेल प्रेमियों और ब्रांड जगत के लिए चौंकाने वाली है, क्योंकि नीरज और JSW का साथ उस समय से था जब नीरज ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना शुरू ही किया था।
साल 2015 में शुरू हुआ था रिश्ता (Neeraj Chopra, JSW Sports)
नीरज चोपड़ा और JSW स्पोर्ट्स का रिश्ता साल 2015 में शुरू हुआ था। पिछले एक दशक में JSW ने नीरज के करियर को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चाहे वह विदेशों में उनकी ट्रेनिंग का खर्च हो, चोट के दौरान उनका मैनेजमेंट हो या उनके करोड़ों रुपये के ब्रांड एंडोर्समेंट सौदे, JSW स्पोर्ट्स ही नीरज की हर छोटी-बड़ी जरूरतों को मैनेज करता था।

नीरज चोपड़ा और JSW स्पोर्ट्स के बीच का कॉन्ट्रैक्ट खत्म
सूत्रों के अनुसार, नीरज चोपड़ा और JSW स्पोर्ट्स के बीच का कॉन्ट्रैक्ट दिसंबर 2025 में समाप्त हो गया था। कयास लगाए जा रहे थे कि यह साझेदारी आगे भी जारी रहेगी, लेकिन नीरज ने इसे रिन्यू करने के बजाय आगे बढ़ने का फैसला किया है। हालांकि, इस मामले में JSW स्पोर्ट्स की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन जानकारों का मानना है कि नीरज अब अपने करियर के एक नए अध्याय की शुरुआत करना चाहते हैं।
नीरज चोपड़ा का क्या है प्लान?
खबरों की मानें तो नीरज चोपड़ा अब खुद को सिर्फ एक खिलाड़ी तक सीमित नहीं रखना चाहते। उनका सपना भारत में जैवलिन और अन्य खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक 'हाई परफॉर्मेंस सेंटर' खोलने का है। इसके लिए उन्होंने 'नीरज चोपड़ा फाउंडेशन' के नाम से एक संस्था भी रजिस्टर करा ली है। माना जा रहा है कि नीरज अब अपने ब्रांड और ट्रेनिंग का जिम्मा खुद संभालेंगे या अपनी टीम के जरिए इसे मैनेज करेंगे। उनका मुख्य उद्देश्य आने वाले समय में देश के युवा एथलीटों को विश्व स्तरीय सुविधाएं मुहैया कराना है, ताकि भारत से और भी 'गोल्डन मेडल' विजेता निकल सकें।












Click it and Unblock the Notifications