माइकल जॉनसन ने शेयर की नीरज चोपड़ा की VIDEO, दिखी गजब की लचक, फैंस हुए हैरान
वीडियो में नीरज चोपड़ा के शरीर की यह लचक किसी आम इंसान को हैरान कर सकती है। दिग्गज ओलंपियन माइकल जॉनसन ने इस क्लिप को शेयर किया है जिस पर फैंस ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं।

ट्रैक एंड फील्ड के एक टॉप एथलीट की आला दर्जे की ट्रेनिंग किस तरह की होती है यह हमें नीरज चोपड़ा के वायरल होते वीडियो से पता चल सकता है। ओलंपिक में एथलेटिक्स में भारत के एक गोल्ड मेडल का सूखा खत्म करने वाले नीरज चोपड़ा अपने आने वाले टूर्नामेंटों की तैयारी के लिए ट्रेनिंग कर रहे हैं और उनके अभ्यास की एक छोटी सी क्लिप चार बार के ओलंपिक गोल्ड मेडल विनर माइकल जॉनसन ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर की।

धनुष की तरह लचीले
इस क्लिप में नीरज चोपड़ा एक गेंद को फेंकते हुए धनुष की तरह लचीले होकर झुक जाते हैं और फिर वापस सीधे होकर गेंद को फेंक देते हैं। नीरज चोपड़ा के शरीर की यह लचक किसी आम इंसान को हैरान कर सकती है लेकिन स्पोर्ट्स में अगर शिखर को छूना है तो यह सब चीजें एक खिलाड़ी को कम चोट लगे अधिक समय तक खेलने की निश्चिता भी देती हैं।
नीरज को भी ओलंपिक गोल्ड जीतने के बाद 2022 में कई फिटनेस मुद्दों का भी सामना करना पड़ा, जिसने उन्हें राष्ट्रमंडल खेलों के साथ-साथ राष्ट्रीय खेलों से भी दूर रखा था। अब वे पूरी फिटनेस में नजर आ रहे हैं।

अमेजिंग एथलेटिज्म
जॉनसन ने इस क्लिप को शेयर करते हुए नीरज चोपड़ा को टैग किया और कहा कि नीरज चोपड़ा की ओर से कुछ और अमेजिंग एथलेटिज्म।
इस पोस्ट पर फैंस की प्रतिक्रियाएं आई हैं और सभी ने नीरज चोपड़ा की प्रतिबद्धता को सलाम किया है। राजेश नाम के यूजर कहते हैं- वीडियो के लिए धन्यवाद। नीरज चोपड़ा का समर्पण गजब का है और अनुशासन भी। आप हर किसी के लिए एक प्रेरणा है सर।
माइकल जॉनसन इससे पहले नीरज चोपड़ा की एक स्प्रिंटर/जंपर मूवमेंट की वीडियो भी शेयर कर चुके हैं। भारत में स्पोर्ट्स की देख-रेख करने वाली अथॉरिटी साईं मीडिया ने भी इस वीडियो पर रिएक्ट किया है उन्होंने कहा है कि खेल मंत्रालय की Top स्कीम नीरज चोपड़ा को उनकी शानदार यात्रा में सपोर्ट करते हुए गर्व महसूस करती है।
Recommended Video

फैंस के रिएक्शन
शशांक सिंह कहते हैं कि नीरज चोपड़ा हर एक भारतीय बच्चे के लिए प्रेरणा है जो बहुत कम उम्र में ओलंपिक गोल्ड जैसे गोल को हासिल करना चाहते हैं।
सार्थक कहते हैं कि नीरज चोपड़ा अनुशासन, सुपर कंसिस्टेंसी और हार्ड वर्क के शानदार उदाहरण है।
अजय शर्मा कहते हैं कि अगर आप जिंदगी में वह हासिल करना चाहते हैं जो आपके पास पहले नहीं है तो आपको वह करना होगा जो आपने पहले नहीं किया। एक बार जब आप लगातार एक्सरसाइज शुरू कर देते हैं तो सबसे मुश्किल चीज उसको रोकना होता है क्योंकि दिमाग जो कहता है शरीर वही हासिल कर लेता है।
नीरज चोपड़ा के लिए 2022 यादगार रहा, वे विश्व चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले केवल दूसरे भारतीय एथलीट बने। फिर चोपड़ा ने 89.94 मीटर के थ्रो के बाद 2022 में डायमंड लीग में दूसरा स्थान हासिल करने में भी कामयाबी हासिल की। अब नीरज इस अगस्त के बाद बुडापेस्ट में होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications