'बच्चों को पता था अफेयर की बात, उस शख्स को पीटना चाहते थे बेटे', मैरी कॉम के पूर्व पति का बड़ा खुलासा
Mary Kom Ex-Husband News: मैरी कॉम और उनके पूर्व पति ओनलर कारोंग के बीच का तलाक विवाद अब बेहद कड़वा मोड़ ले चुका है। साल 2023 में आधिकारिक तौर पर अलग होने और 2025 में इसकी पुष्टि होने के बाद अब दोनों ओर से आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर शुरू हो गया है। हाल ही में मैरी कॉम ने दावा किया था कि वह परिवार में अकेले कमाने वाली थीं और उनके पति घर पर सोते थे। अब ओनलर ने इन दावों पर पलटवार करते हुए कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं।
'बच्चों का टूट गया था दिल' (Mary Kom Ex-Husband News)
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में ओनलर ने बताया कि मैरी कॉम के कथित अफेयर की खबर से उनके बड़े बच्चे बुरी तरह टूट गए थे। ओनलर के मुताबिक मेरे बच्चे अपनी मां के अफेयर से बहुत नाखुश थे। उनमें से एक तो उस शख्स को पीटना चाहता था। लेकिन मैंने ही उन्हें शांत किया और समझाया कि वे अपनी अच्छी यादों पर ध्यान दें। मैंने उनसे कहा कि चाहे जो हो जाए, मैं हमेशा उनके पिता के रूप में उनके साथ रहूंगा।

शादी के दौरान कई अफेयर के आरोप
ओनलर ने मैरी कॉम पर शादी के दौरान कई अफेयर रखने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके पास इन बातों के सबूत भी हैं। ओनलर ने कहा कि मैरी ने मुझे धोखा दिया है। साल 2013 में भी उनका एक जूनियर बॉक्सर के साथ अफेयर था। उस वक्त हमारे परिवारों ने बीच-बचाव किया और बच्चों के भविष्य की खातिर हमने समझौता कर लिया था। मैंने अपने परिवार को बचाने के लिए उस बात को भुला दिया था।
मैरी के कहने पर किया करियर कुर्बान
मैरी कॉम के अकेले कमाने वाले बयान पर सफाई देते हुए ओनलर ने बताया कि उन्होंने मैरी के कहने पर ही अपना करियर कुर्बान किया था। ओनलर ने कहा कि जब हम मिले थे, तब मैं यूपीएससी की तैयारी कर रहा था और फुटबॉल खिलाड़ी भी था। मैरी ने ही मुझसे अनुरोध किया था कि मैं अपना करियर छोड़कर उनके सपनों का साथ दूं और घर पर बच्चों को संभालूं।
ओनलर ने भावुक होते हुए बताया कि जब मैरी हफ्तों और महीनों तक बॉक्सिंग के लिए घर से बाहर रहती थीं, तब उन्होंने ही बच्चों को नहलाने, खिलाने और उन्हें कोचिंग ले जाने की जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने घर को संभाला ताकि मैरी अपने जुनून को पूरा कर सकें।












Click it and Unblock the Notifications