Koneru Humpy vs Divya Deshmukh: आज से शुरू होगी वर्ल्ड चैंपियन बनने की जंग, विजेता पर होगी पैसों की बारिश
Indian FIDE Women's World Cup Final 2025: भारतीय शतरंज की दिग्गज कोनेरू हम्पी (38) FIDE महिला वर्ल्ड कप के ऐतिहासिक फाइनल में आज, दिव्या देशमुख (19) से भिड़ेंगी। यह टूर्नामेंट वर्तमान में जॉर्जिया के बटुमी (Batumi) में हो रहा है।
हम्पी और देशमुख से पहले कोई भी भारतीय महिला इस मेगा इवेंट के सेमीफाइनल में नहीं पहुंची थी। इस बार, दोनों न केवल अंतिम चार में पहुंचीं, बल्कि फाइनल में भी जगह बनाने में सफल रहीं। दोनों खिलाड़ियों ने फाइनल में चीनी प्रतिद्वंद्वियों को हराया।

हम्पी और देशमुख ने कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए भी किया क्वालीफाई
हम्पी और देशमुख ने 2026 में होने वाले कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है और उनका लक्ष्य FIDE महिला विश्व चैम्पियनशिप में जगह बनाना है। हम्पी भारत की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं और दुनिया में पांचवें स्थान पर हैं। वहीं, 19 वर्षीय देशमुख विश्व रैंकिंग में 19वें स्थान पर हैं। वह 34 वर्षों में कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में पहुंचने वाली पहली खिलाड़ी भी हैं।
FIDE शतरंज विश्व कप शेड्यूल
- मैच 1 - 26 जुलाई (शनिवार)
- मैच 2 - 27 जुलाई (रविवार)
- टाई-ब्रेकर (यदि आवश्यक हो) - 28 जुलाई (सोमवार)
कब कहां देख सकते हैं?
मैच भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होंगे। इनका प्रसारण टीवी पर नहीं, बल्कि FIDE YouTube चैनल पर लाइवस्ट्रीम किया जाएगा।
मैच का फॉर्मेट
पहले दो मैच क्लासिक मैच होंगे। दोनों खिलाड़ियों के पास अपनी पहली चाल के लिए 90 मिनट का समय होगा। इसके बाद, दोनों खिलाड़ियों को मैच पूरा करने के लिए 30 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा, जिसमें प्रत्येक चाल के लिए 30 सेकंड का अतिरिक्त समय होगा।
मैच टाई-ब्रेक तक पहुंचा तो क्या होगा?
यदि मैच टाई-ब्रेक तक जाता है, तो दोनों खिलाड़ी पहले 10-10 मिनट के दो मैच खेलेंगे, जिसमें प्रत्येक चाल के लिए 10 सेकंड का अतिरिक्त समय होगा। यदि फिर भी कोई विजेता नहीं निकलता है, तो प्रत्येक चाल के लिए तीन सेकंड के अतिरिक्त समय के साथ पांच-पांच मिनट के दो मैच खेले जाएंगे।
यदि दोनों खिलाड़ी फिर से बराबरी पर खेलेंगे, तो दो सेकंड के अंतराल के साथ तीन-तीन मिनट के दो मैच होंगे। उसके बाद, खिलाड़ी तब तक 3+2 मैच खेलते रहेंगे जब तक कि विजेता का निर्धारण न हो जाए।
विजेता को मिलेंगे 42 लाख रुपए
फाइनल मैच के विजेता को ट्रॉफी के साथ करीब 42.26 लाख रुपए मिलेंगे, जबकि उपविजेता को 30.28 लाख रुपए का नकद पुरस्कार भी मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications