'आप भारत की आन-बान-शान हो', GOLD जीतने से चूक गए नीरज चोपड़ा फिर भी देश ने किया सलाम
India vs Pakistan in Olympics final: नीरज चोपड़ा ने लगातार दूसरे ओलंपिक में मेडल जीतने में कामयाबी हासिल की। जबकि अरशद नदीम ने पाकिस्तान के लिए ऐतिहासिक गोल्ड मेडल अपने नाम किया। भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा पेरिस ओलंपिक 2024 में अपना खिताब नहीं बचा पाए। 8 अगस्त की रात को नीरज गोल्ड मेडल से चूक गए, लेकिन 89.45 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया।
नीरज पर भारी पड़े अरशद
नीरज के खिलाफ अरशद नदीम ने 92.97 मीटर की थ्रो के साथ ओलंपिक रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल जीता। इस उपलब्धि ने अरशद को ओलंपिक में व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने वाला पहला पाकिस्तानी एथलीट बना दिया। 1992 के बार्सिलोना ओलंपिक में पुरुष हॉकी में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद से पाकिस्तान ने कोई ओलंपिक पदक नहीं जीता था।

ऐसा रहा नीरज का प्रदर्शन
नीरज चोपड़ा को शुरू से ही चुनौतियों का सामना करना पड़ा। उनका पहला थ्रो फाउल के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया क्योंकि उनके फॉलो-थ्रू के दौरान उनका दाहिना पैर लाइन पार कर गया था, जबकि थ्रो 86 मीटर से अधिक था। इसी तरह, अरशद नदीम का पहला प्रयास भी फाउल था, लेकिन उन्होंने 92.97 मीटर के अपने अगले थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता, जिससे एक नया ओलंपिक रिकॉर्ड बना। नीरज ने 89.45 मीटर की अपनी दूसरी थ्रो के साथ वापसी की और दूसरा स्थान हासिल किया।
फैंस कर रहे सलाम
पेरिस ओलंपिक में भारत को सिल्वर मेडल दिलाने वाले नीरज चोपड़ा पहले एथलीट हैं। सोशल मीडिया पर फैंस नीरज की जमकर तारीफ कर रहे हैं। इसके साथ ही ओलंपिक में नीरज और अरशद की जोरदार टक्कर ने भारत-पाकिस्तान के मैच का तड़का भी लगाने का काम किया। बता दें कि अरशद नदीम ने फाइनल के दौरान दो बार 90 मीटर का आंकड़ा पार किया और आखिरी प्रयास में 91.79 मीटर की दूरी तय करके प्रभावशाली प्रदर्शन किया।












Click it and Unblock the Notifications