डायमंड लीग में धमाकेदार जीत के बाद नीरज चोपड़ा ने खुद को बताया 'लकी', बताया क्या है अब 2023 में आगे का प्लान
नीरज चोपड़ा ने 2023 एथलेटिक सीजन की शुरुआत धमाकेदार की है जहां उन्होंने शुक्रवार को डायमंड लीग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत लिया। इन दौरान क्या चुनौती आई, इसके बारे में चोपड़ा ने बात की है।

भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) ने भाला फेंक प्रतियोगिता में एक बार फिर से देश का नाम रोशन किया है। नीरज चोपड़ा ने दोहा (Doha) की परिस्थितियों की चुनौतियों से पार पाते हुए अपने 2023 एथलेटिक्स सीजन की शानदार शुरुआत की है। नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार को डायमंड लीग (Diamond League) में जीत दर्ज की। ओलंपिक के ट्रेक एंड फील्ड इवेंट में भारत के एकमात्र गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने अपने पहले ही प्रयास में 88.67 मीटर की दूरी पर थ्रो की।
यही दूरी पूरी प्रतियोगिता के दौरान सबसे ऊपर बनी रही और इसको कोई भी एथलीट पार नहीं कर सका। यहं तक कि नीरज चोपड़ा भी अपनी अगली थ्रो में इससे पार नहीं पा सके। 2020 सिल्वर मेडलिस्ट जैकब वडलेजच ने 88.63 मीटर की दूरी तय करते हुए सिल्वर मेडल जीता है जो नीरज चोपड़ा से केवल 4 सेंटीमीटर ही पीछे रह गए। इसके अलावा वर्ल्ड चैंपियन एंडरसन पीटर 85.88 के थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
नीरज चोपड़ा की जीत काफी बेहतरीन रही है और उन्होंने इस इवेंट के बाद डायमंड लीग वेबसाइट से बातचीत की है। नीरज कहते हैं, "आज सभी एथलीट के लिए चुनौतियां थी लेकिन मैं अपने नतीजे से खुश हूं। यह एक बहुत ही मुश्किल जीत थी लेकिन मुझे खुशी है। मेरे लिए बढ़िया शुरुआत है। मैं अगले कंपटीशन को जीतने की उम्मीद के साथ आया हूं और इस सीजन में लगातार कंसिस्टेंसी से फॉर्म करना चाहता हूं। मुझे अच्छा महसूस हो रहा है। यह एक बढ़िया शुरुआत हो गई है। हालांकि आज का दिन चुनौती से भरा था लेकिन अगली बार में और भी ज्यादा थ्रो फेकूंगा।"
नीरज चोपड़ा को काफी सपोर्ट भी मिलता है। भारत एक बड़ा देश है तो उनके चाहने वालों की कमी भी नहीं है। चोपड़ा इस बारे में खुद को भाग्यशाली बताते हैं। उन्होंने आगे कहा कि, लोगों का भरोसा मुझ में है तो यह काफी अच्छा लगता है। मैं भाग्यशाली हूं और माहौल अच्छा था। कई लोग मुझे सपोर्ट करने के लिए आए और वे वाकई में बहुत खुश थे।
"अगर मैं इस सीजन में अपने प्लान अपनी योजनाओं की बात करूं तो मेरा टारगेट फिट रहना ताकि मैं बेहतर परफॉर्म कर सकूं। कई बार इतने बड़े देश के इतने सारे लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करना आसान नहीं होता लेकिन यह दोहा की मीटिंग अच्छी रही है। इस सीजन में मैं लगातार फिट रहूंगा और अपनी अगली प्रतियोगिता के लिए बेस्ट दूंगा।"
नीरज चोपड़ा की 88.67 मीटर की थ्रो के बाद अगली थ्रो 86.04 मीटर की थी। फिर 85.47 मीटर, फिर फाउल और उसके बाद 84.37 मीटर व 86.52 मीटर की थ्रो रही। मजेदार बात यह है नीरज चोपड़ा यहां पर 90 मीटर की थ्रो फेंकने के लिए आए थे। उनको लगता था कि दोहा में 90 मीटर की थ्रो की जा सकती है।
इसलिए उन्होंने शुक्रवार को होने वाले इवेंट से पहले की प्री कंपटीशन प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि, दोहा के बारे में सबसे महत्वपूर्ण बात यही है कि यह 90 मीटर थ्रो के लिए चर्चित है और उम्मीद है कि सबके लिए कल का नतीजा बढ़िया रहेगा।
नीरज चोपड़ा ने तब कहा कि, आपके कंपटीटर अगर तगड़े हैं तो आपका ही फायदा होता है। यह मेरे लिए सीजन का पहला कंपटीशन है और जैकब पहले ही साउथ अफ्रीका में 88 मीटर फेंक चुके हैं तो मुझे लगता है कल का कंपटीशन बढ़िया होने जा रहा है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications