Diamond League Final: नीरज चोपड़ा ने फाइनल में दिखाया दम, लगातार तीसरी बार किया ये करिश्मा
Diamond League Final 2025 Highlights: स्विट्जरलैंड के सबसे बड़े शहर ज्यूरिख में आयोजित डायमंड लीग फाइनल 2025 में भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा को एक बार फिर दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। लगातार तीसरे साल नीरज फाइनल में रनर-अप रहे। इस बार जर्मनी के जूलियन वेबर ने कमाल कर दिया और दो बार 90 मीटर से ज्यादा की दूरी नापते हुए अपना पहला डायमंड लीग खिताब जीत लिया।
जूलियन वेबर ने किया कमाल (Diamond League Final 2025 Highlights)
नीरज ने प्रतियोगिता की शुरुआत 84.35 मीटर के थ्रो से की। ज्यादातर समय वे तीसरे स्थान पर बने रहे। आखिरी राउंड में उन्होंने 85.01 मीटर का शानदार थ्रो किया और त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशर्न वालकॉट (84.95 मीटर) को पीछे छोड़ते हुए दूसरे स्थान पर आ गए। हालांकि, वेबर के सामने कोई नहीं टिक सका। जूलियन वेबर ने पहला ही थ्रो 91.37 मीटर का किया और फिर 91.57 मीटर का वर्ल्ड-लीडिंग थ्रो लगाकर मैदान में तहलका मचा दिया।

वेबर ने जीत के बाद क्या कहा?
यह उनका पर्सनल बेस्ट भी रहा। इस धमाकेदार प्रदर्शन से उन्होंने खिताब अपने नाम किया। वेबर ने जीत के बाद कहा कि मैंने सोचा नहीं था कि आज इतना अच्छा कर पाऊंगा। पहली कोशिश में ही 91 मीटर से ऊपर जाना शानदार था। यह मेरे लिए परफेक्ट दिन है। इसके अलावा केशर्न वालकॉट 84.95 मीटर के थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे। चौथे स्थान पर ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स रहे, जबकि स्विट्जरलैंड के वीलैंड ने 81.29 मीटर के साथ घरेलू दर्शकों को खुश किया।
नीरज चोपड़ा ने कही दिल जीतने वाली बात
वहीं नीरज चोपड़ा ने कहा कि यह प्रदर्शन बुरा नहीं था, लेकिन वर्ल्ड चैंपियनशिप से पहले मुझे और मेहनत करनी होगी। आखिर में 85 मीटर तक पहुंचना अच्छा रहा, लेकिन अभी भी कुछ सुधार की जरूरत है। जूलियन ने कमाल कर दिया, उसके लिए मैं खुश हूं। बड़े टूर्नामेंट में गोल्ड ज्यादा मायने रखता है और मैं अपनी पूरी कोशिश करूंगा। यह मुकाबला नीरज के लिए खास इसलिए भी रहा क्योंकि उन्होंने लगातार अपनी टॉप-2 पोजीशन बनाए रखी है। अब सभी की नजरें वर्ल्ड चैंपियनशिप और ओलंपिक पर होंगी, जहां नीरज और वेबर के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications