वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 में BSF का जलवा, 73 मेडल जीतकर रचा इतिहास
भारत की सीमाओं की रक्षा के लिए समर्पित प्रहरी सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स (WPFG) 2025 में शानदार प्रदर्शन कर पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन किया है। अमेरिका के अलबामा में आयोजित इस प्रतिष्ठित खेल महाकुंभ में BSF के खिलाड़ियों ने कुल 73 पदक अपने नाम किए, जिनमें 38 गोल्ड, 21 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।
BSF की यह उपलब्धि न सिर्फ उनकी शारीरिक और मानसिक दृढ़ता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि सीमा की सुरक्षा करने वाले ये जवान खेल के मैदान में भी किसी से कम नहीं हैं। हर खिलाड़ी का यह प्रदर्शन कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।

BSF की मेडल टैली:
स्विमिंग: 14 गोल्ड, 12 सिल्वर, 11 ब्रॉन्ज
एथलेटिक्स: 12 गोल्ड, 6 सिल्वर, 3 ब्रॉन्ज
आर्चरी: 4 गोल्ड, 2 सिल्वर
रेसलिंग: 4 गोल्ड
बॉक्सिंग: 3 गोल्ड
ताइक्वांडो: 1 गोल्ड, 1 सिल्वर
इस असाधारण प्रदर्शन के बाद BSF के महानिदेशक (DG BSF) ने सभी खिलाड़ियों, कोचों और सहायक स्टाफ को बधाई दी और कहा कि यह जीत BSF की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की नीति का सशक्त प्रमाण है।
वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स हर दो साल में आयोजित होने वाला एक वैश्विक खेल आयोजन है, जिसमें दुनियाभर के सक्रिय और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी एवं अग्निशमन कर्मी हिस्सा लेते हैं। इस बार 70 से अधिक देशों के 10,000 से अधिक खिलाड़ियों ने 60 से ज्यादा खेलों में भाग लिया। यह आयोजन ना केवल खेल प्रतिभा को प्रदर्शित करता है, बल्कि वैश्विक भाईचारे, अनुशासन और फिटनेस को भी बढ़ावा देता है।
BSF का यह ऐतिहासिक प्रदर्शन आने वाले समय में अन्य सुरक्षाबलों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा। यह साबित करता है कि भारत के रक्षक सिर्फ बॉर्डर पर ही नहीं, बल्कि खेलों में भी चमकते सितारे हैं।












Click it and Unblock the Notifications