'एक दिन पछतावा होगा,' बजरंग और विनेश के कांग्रेस में शामिल होने पर खुलकर बोले बृजभूषण सिंह
अगले महीने होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। पहलवानों के कांग्रेस में शामिल होने के बाद से प्रतिक्रियाओं का सिलसिला जारी है। इस क्रम में अब डब्ल्यूएफआई के पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह ने बड़ा बयान दिया है।
बजरंग के ट्रायल पर उठाए सवाल
विनेश और बजरंग के कांग्रेस में शामिल होने पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि, 'हरियाणा खेल के क्षेत्र में भारत का सिरमौर है। और उन्होंने कुश्ती गतिविधियों को लगभग 2.5 साल तक रोक दिया। क्या यह सच नहीं है कि बजरंग एशियाई खेलों में बिना ट्रायल के चले गए? मैं उन लोगों से पूछना चाहता हूं जो कुश्ती के विशेषज्ञ हैं।'

विनेश फोगाट पर लगाए धोखाधड़ी के आरोप
बीजेपी नेता ने आगे कहा कि, 'मैं विनेश फोगाट से पूछना चाहता हूं कि क्या कोई खिलाड़ी एक दिन में 2 भार श्रेणियों में ट्रायल दे सकता है? क्या वजन मापने के बाद 5 घंटे के लिए ट्रायल रोके जा सकते हैं? आप कुश्ती नहीं जीते, आप धोखाधड़ी करके वहां गए थे। भगवान ने आपको उसी की सजा दी है।'
'मैं बेटियों के अपमान का दोषी नहीं हूं'
उन्होंने कहा कि,'मैं बेटियों का अपमान करने का दोषी नहीं हूं। अगर कोई बेटियों का अपमान करने का दोषी है, तो वह बजरंग और विनेश हैं। और जिसने इसकी पटकथा लिखी, भूपेंद्र हुड्डा इसके लिए जिम्मेदार हैं। अगर वे (भाजपा) मुझसे (हरियाणा चुनाव में प्रचार करने के लिए) कहेंगे, तो मैं जा सकता हूं। एक दिन कांग्रेस को इसका पछतावा होगा।
दूसरी ओर ओलंपिक कांस्य पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक (Sakshi Malik) ने शुक्रवार को कहा कि बजरंग पुनिया (Bajrang Punia) और विनेश फोगट (Vinesh Phogat) का कांग्रेस पार्टी में शामिल होना उनका 'व्यक्तिगत निर्णय' है। मलिक ने बताया कि उन्हें राजनीतिक दलों से भी प्रस्ताव मिले थे, लेकिन उन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) में सुधार पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया।
मलिक ने इस बात पर जोर दिया कि उनका विरोध खास तौर पर पूर्व डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ था। उन्होंने कहा कि, 'पार्टी में शामिल होना उनका निजी फैसला है। मेरा मानना है कि हमें त्याग करना चाहिए। हमारे आंदोलन, महिलाओं के लिए लड़ाई की गलत छवि नहीं जानी चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications