2022 WWE Royal Rumble: ब्रॉक लेसनर ने गंवाई चैम्पियनशिप, रोंडा राउसी ने जीता रॉयल रंबल, देखें सभी रिजल्टस

नई दिल्ली। दुनिया के सबसे बड़े रेसलिंग इंटरटेनमेंट का आयोजन करने वाली कंपनी WWE ने 2022 के अपने पहले पे पर व्यू इवेंट का आगाज धमाकेदार तरीके से किया है, जहां पर फैन्स के लिये मोस्ट अवेटेड इवेंटस में कई चौंका देने वाले रिजल्ट देखने को मिले। WWE में रॉयल रंबल साल का पहला मेगा इवेंट होता है जिसमें फैन्स को 30 मैन मैच देखने को मिलता है तो वहीं पर साल के सबसे बड़े इवेंट रेसलमेनिया की तैयारी भी शुरू हो जाती है। रॉयल रंबल में जीत हासिल करने वाले महिला और पुरुष रेसलर को रेसलमेनिया के मेगा इवेंट में चैम्पियन को चैलेंज करने का मौका मिलता है और चैम्पियनशिप बेल्ट जीतने का चांस भी उनके पास हो जाता है। इस साल रेसलमेनिया का आयोजन 2-3 अप्रैल को किया जाना है जिससे पहले रॉयल रंबल 2022 में कई बड़े मैच देखने को मिले।
और पढ़ें: Legends League Cricket के फाइनल में हुई छक्कों की बरसात, वर्ल्ड जाएंटस ने जीता पहला खिताब
इस मेगा इवेंट में फैन्स को रॉयल रंबल के मेन इवेंट के अलावा जिन मैच का सबसे ज्यादा इंतजार था वो थे ब्रॉक लेसनर और बॉबी लैशली के बीच खेला गया WWE चैम्पियनशिप मैच तो वहीं पर रोमन रेन्स और सेथ रेलिन्स के बीच यूनिवर्स मैच, हालांकि जब मैचों का आयोजन हुआ तो नतीजों ने फैन्स को बुरी तरह चौंका दिया। रॉयल रंबल का आयोजन 1998 से किया जा रहा है, जिसमें हर 2 मिनट के अंदर एक नया विरोधी रिंग में एंटर करता है और कुल 30 फाइटर हिस्सा लेते हैं। इसमें सभी एक-दूसरे को बाहर फेंकने की कोशिश करते हैं और आखिर में जो खड़ा रहता है वो विजेता बन जाता है।

बॉबी लैशली ने जीता WWE चैम्पियनशिप
बॉबी लैशली और ब्रॉक लैसनर के बीच खेले गये WWE चैम्पियनशिप मैच में काफी ड्रामा देखने को मिला। लैसनर ने कई जर्मन सुपलेक्स देकर मैच को लगभग एकतरफा कर दिया था लेकिन रोमन रेंस के दखल के बाद बॉबी लैशली इस मैच के विजेता साबित हुए। लैसनर से चैम्पियनशिप बेल्ट इतनी जल्दी जाने के बारे में शायद ही किसी ने सोचा था। इसके बाद ब्रॉक लेसनर ने रॉयल रंबल 2022 के मेन इवेंट में वापसी की और 30 मैन रॉयल रंबल मैच में इस हेवीवेट रेसलर ने सभी विरोधियों को रिंग से बाहर फेंक कर रॉयल रंबल जीत लिया। इसके साथ ही अब ब्रॉक लैसनर के पास रेसलमेनिया में यूनिवर्सल चैम्पियनशिप और विश्व चैम्पियनशिप में से किसी भी टाइटल के लिये चैलेंज करने का मौका है। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि जिस तरह से रोमन रेन्स ने मैच में दखल दिया है उसके बाद लैसनर रेसलमेनिया में लैशली के बजाय रेन्स को अपना विरोधी चुनेंगे।

यूनिवर्सल चैम्पियनशिप रिटेन करने में कामयाब रहे रोमन रेन्स
रॉयल रंबल में जब लैसनर ने अपनी चैम्पियनशिप बेल्ट गंवा दी तो रोमन रेन्स को पूरा भरोसा था कि ब्रॉक लेसनर रेसलमेनिया की रेस से बाहर हो गये हैं, लेकिन जब लेसनर ने रॉयल रंबल जीतकर चैम्पियनशिप का मौका हासिल किया तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वहीं यूनिवर्सल चैम्पियनशिप के टाइटल के लिये रोमन रेन्स का सामना उनके पूर्व टैग टीम पार्टनर सेथ रोलिंस से हुआ। दोनों बारबर की टक्कर देते नजर आ रहे थे लेकिन रोमन रेन्स ने खुद को मैच से डिस्क्वालिफाई कर टाइटल को अपने पास रिटेन कर लिया। मैच के बाद रेन्स अपने विरोधी पर कुर्सी की बरसात करते नजर आये, जिसकी वजह से रोलिंस अपनी जगह से हिल भी नहीं पा रहे थे।

रोंडा राउसी ने वापसी कर जीता महिला रॉयल रंबल
इस मेगा इवेंट में मिक्सड मार्शल आर्टस में अपना कमाल दिखा चुकी और पूर्व वर्ल्ड चैम्पियन रोंडा राउसी ने भी वापसी की और महिलाओं के 30 सदस्यीय रॉयल रंबल मैच की विजेता बन गयी। अब रोंडा राउसी के पास बेकी लिंच और शॉर्लेट फ्लेयर में से किसी एक को रेसलमेनिया में चैलेंज करने का मौका होगा। इत्तेफाक से रोंडा ने रॉयल रंबल के इस मैच के दौरान शॉर्लेट को रिंग से बाहर फेंकर कर एलिमिनेट किया है। वहीं एक अन्य मैच में बेकी लिंच ने ड्युड्रॉप को हराकर रॉ की महिला चैम्पियनशिप बेल्ट रिटेन की है। ऐसे में यह देखना होगा कि रोंडा किसे चुनौती देती हैं क्योंकि WWE के इतिहास में राउसी को जो इकलौती हार का सामना करना पड़ा है, वह एक ट्रिपल थ्रेट मैच था जिसमें लिंच और शार्लेट ही शामिल थी।
वहीं एज-बेथ फिनिक्स और द मिज-मरीस के बीच मिक्स्ड टैग टीम मैच में एज-बेथ की जोड़ी ने जीत हासिल की। आपको बता दें कि रॉयल रंबल 2022 का आयोजन अमेरिका के सेंट लुइस मिजौरी में हुआ, जिसमें रॉ और स्मैकडाउन डिविजन के फाइटर देखने को मिले।












Click it and Unblock the Notifications