Legends League Cricket के फाइनल में 38 छक्के -29 चौके, वर्ल्ड जाएंटस ने जीता पहला खिताब

नई दिल्ली। ओमान की सरजमीं पर रिटायर्ड खिलाड़ियों को लेकर खेली जा रहे टी20 टूर्नामेंट लेजेंडस लीग क्रिकेट का फाइनल मैच शनिवार को खेला गया, जहां पर वर्ल्ड जाएंटस की टीम ने एक हाई स्कोरिंग मैच में एशिया लॉयन्स को हराकर इस लीग का पहला खिताब जीत लिया है। त्रिकोणीय सीरीज के प्रारूप में खेले गये इस टूर्नामेंट में कुल 51 रिटायर्ड खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें इंडिया महाराजा (रिटायर्ड भारतीय), एशिया लॉयन्स (रिटायर्ड एशियाई) और वर्ल्ड जाएंटस (रिटायर्ड रेस्ट ऑफ वर्ल्ड) की टीमें एक दूसरे से भिड़ती नजर आयी। फाइनल से पहले तीनों टीमों ने 4-4 मैच खेले जिसमें इंडिया महाराजा की टीम को सिर्फ एक ही जीत मिली और वो फाइनल की रेस से बाहर हो गई तो वहीं पर एशिया लॉयन्स की टीम ने 2 जीत के साथ फाइनल में कदम रखा।
वहीं हार के साथ टूर्नामेंट का आगाज करने वाली वर्ल्ड जाएंटस की टीम ने डैरेन सैमी की कप्तानी में बचे हुए टूर्नामेंट में ऐसी वापसी की जो कि देखने लायक रही। टीम ने लगातार 3 मैचों में 200 से ज्यादा रनों के स्कोर बना कर या चेज करते हुए जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनायी, और फाइनल में भी जब वो एशिया लॉयन्स के सामने उतरी तो यह सिलसिला रुका नहीं। वर्ल्ड जाएंटस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 5 विकेट खोकर 256 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया, जिसके जवाब में एशिया लॉयन्स की टीम 231 रन ही बना सकी और मैच को हार गई।
और पढ़ें: 2007 विश्वकप फाइनल के 15 साल बाद मिस्बाह उल हक ने किया खुलासा, बताया क्यों खेला था वो स्कूप शॉट

फाइनल मैच में हुई छक्कों की बरसात
लेजेंडस लीग क्रिकेट का फाइनल मैच टी20 क्रिकेट इतिहास के सबसे ज्यादा हाई स्कोरिंग मैचों में से एक रहा जिसमें छक्कों की बरसात देखने को मिली। एशिया लॉयन्स की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जो कि उसके लिये काफी खराब साबित हुआ। वर्ल्ड जाएंटस की टीम के लगभग हर बल्लेबाज ने तेजी से रन बनाये और छक्के जड़कर अपनी टीम को एक बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया। इसकी शुरुआत केविन पीटरसन (22 गेंद 48 रन) ने की जिन्होंने 5 छक्के लगाये और महज 4 ओवर में ही टीम के 50 रन पूरे कर डाले। कुलसेकरा ने लगातार 2 ओवर में 2 विकेट लेकर अपनी टीम की वापसी कराने की कोशिश की लेकिन कोरी एंडरसन (43 गेंद नाबाद 94 रन) ने 15 बाउंड्रीज लगाकर स्कोर को तेजी से बढ़ाना जारी रखा। जहां कोरी एंडरसन ने 8 छक्के लगाये तो वहीं पर ब्रैड हैडिन (16 गेंद 37 रन) ने भी 4 छक्के जड़ दिये। कप्तान डैरेन सैमी (17 गेंद 38 रन) ने भी 4 छक्कों की मदद से विस्फोटक पारी खेली तो वहीं पर एल्बी मोर्केल (8 गेंद 17 रन) की छोटी पारी से टीम 256 रन के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। वर्ल्ड जाएंटस की ओर से इस पारी में कुल 22 छक्के लगे जबकि पारी में 15 चौके आये।

मोर्केले के सामने ढेर हुई एशिया लॉयन्स
जवाब में एशिया लॉयन्स के लगभग सभी बल्लेबाजों ने दहांई के आंकड़े को पार करते हुए अपनी टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया लेकिन किसी भी एक खिलाड़ी की ओर से एक भी अर्धशतकीय पारी नहीं आने की वजह से टीम टी20 क्रिकेट के इतिहास के सबसे बड़े रन चेज को हासिल कर पाने में नाकाम रही। एशिया लॉयन्स की टीम के खिलाड़ियों ने भी छक्कों की बारिश करते हुए 14 चौके और 16 छक्के लगाये, लेकिन एशियाई टीम 8 विकेट खोकर 231 रन ही बना सकी और 25 रनों से मैच हार गई। वर्ल्ड जाएंटस के लिये एल्बी मोर्केल ने सबसे शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किये तो वहीं पर मोर्ने मोर्केल के खाते में एक विकेट आया। मोंटी पानेसर ने भी अपनी फिरकी में 2 अहम विकेट चटकाये।

जानें किसे मिला कौन सा अवॉर्ड
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को दो बार अपनी कप्तानी में टी20 विश्वकप जिताने वाले डैरेन सैमी ने लेजेंडस लीग क्रिकेट के पहले संस्करण में वर्ल्ड जाएंटस को चैम्पियन बनाया। मैच के बाद कोरी एंडरसन को उनकी ताबड़तोड़ 94 रनों की नाबाद पारी के लिये प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया तो वहीं पर पूरे टूर्नामेंट के दौरान शानदार गेंदबाजी और बल्ले से भी जबरदस्त योगदान करने के लिये मोर्ने मोर्केल को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। लेजेंडस लीग क्रिकेट के इस पूरे टूर्नामेंट के दौरान नमन ओझा (4 मैचों में 259 रन, 26 चौके 16 छक्के) सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनें तो वहीं पर उपुल थारंगा (5 मैच में 248 रन, 15 चौके 11 छक्के) दूसरे पायदान पर रहे। केविन पीटरसन (5 मैचों में 212 रन, 14 चौके 21 छक्के) सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बने। वहीं नुवान कुलसेकरा (8 विकेट) और मोर्ने मोर्केल (8 विकेट) ने सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज का रिकॉर्ड अपने नाम किया।












Click it and Unblock the Notifications