PKL 2022: प्लेऑफ में जगह बनाने के लिये आर-पार की जंग, यूपी योद्धा की होगी गुजरात जाएंटस की भिड़ंत

नई दिल्ली। वीवो प्रो कबड्डी लीग का 8वां सीजन इस समय अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ चला है जिसके अगले मुकाबले में गुजरात जाएंटस की टीम का सामना यूपी योद्धा से होगा। प्लेऑफ में अपनी उम्मीदों को बरकरार रखने के लिये दोनों ही टीमों के लिये यह मैच काफी अहम साबित होने वाला है। तमिल थलाइवाज पर 41-39 की रोमांचक जीत हासिल कर पहुंचने वाली यूपी योद्धा की टीम 11 फरवरी 2022 को होने वाले इस मैच में गुजरात जाएंटस के खिलाफ जीत की गति को बरकरार रखने के लक्ष्य के साथ उतरेगी। उल्लेखनीय है कि प्लेऑफ में पहुंचने के लिये यूपी योद्धा की टीम को अपने बचे हुए 4 में से 3 मैचों में जीत हासिल करने की दरकार है।
ऐसे में अगर वो गुजरात जाएंटस के खिलाफ मैच हार जाती है या फिर ड्रॉ का सामना करना पड़ता है तो उसके लिये हर मैच करो या मरो का हो जायेगा। यूपी योद्धा की टीम फिलहाल 52 अंक के साथ अंक तालिका में 5वें स्थान पर काबिज है और प्लेऑफ में पहुंचने के अपने सपने को जिंदा रखा हुआ है।। मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और डिज्नी हॉटस्टार पर रात 9:30 बजे से किया जाएगा।
यूपी योद्धा के सुपरस्टार रेडर प्रदीप नरवाल की फॉर्म का वापस लौटना उनकी टीम के लिए अच्छे संकेत हैं, जिन्होंने कल तमिल थलाइवाज पर 41-39 की जीत में 13 रेड अंक हासिल किए थे । इस सीजन में सभी को प्रभावित करने वाले यूपी के दूसरे स्टार रेडर सुरेंद्र गिल हैं और उन्होंने निरंतर तौर पे अपनी टीम के लिए दमदार प्रदर्शन किया है । गिल वर्तमान में 'सुपर रेड' चार्ट में दूसरे स्थान पर हैं और इस सीजन में हर रेडिंग आँकड़ों के शीर्ष 6 में शुमार हैं। उनके मल्टी पॉइंट्स रेड ने कई अवसरों पर योद्धा को इस सीज़न में कठिन परिस्थितियों से बाहर निकाला है। वहीँ अनुभवी रेडर श्रीकांत जाधव से भी यूपी योद्धा के रेडिंग विभाग को एक मजबूत सपोर्ट मिला है । हालाँकि यह यूपी योद्धा की प्रसिद्ध डिफेंस तिकड़ी - कप्तान नितेश कुमार, आशु सिंह और सुमित को थोड़ी और मेहनत करने की ज़रूरत है क्योंकि पिछले 5 मैचों में इन्होने कुछ खासा प्रदर्शन नहीं किया है।
मैच से पहले यूपी योद्धा के मुख्य कोच जसवीर सिंह ने कहा, "पिछली दो जीतों ने निश्चित रूप से हमारा मनोबल बढ़ाया है, लेकिन हमारा उद्देश्य इस गति को कम नहीं होने देना है। मैंने पहले भी कहा है कि, अब हमारे पास और गलतियां करने की गुंजाइश नहीं बची है और आगे आने वाला हर मैच बहुत ही महत्वपूर्ण है । सुरेंद्र और श्रीकांत के समर्थन से कल परदीप का फॉर्म में वापिस आना हमारे लिए बहुत अच्छी बात है और मुझे विश्वास है कि एक टीम के रूप में हम प्ले-ऑफ में जगह बनाने की क्षमता रखते हैं। हम अपने अगले मुकाबलों की प्रतीक्षा कर रहे हैं और हम एक बार फिर 5 अंक हासिल करने के लिए तैयार हैं।
यूपी योद्धा और गुजरात जायंट्स ने अपनी पीकेएल यात्रा में 6 बार एक-दूसरे का सामना किया है, जिसमें योद्धा ने गुजरात को केवल एक बार पराजित किया है, जबकि उन्हें 2 बार ड्रा के साथ संतोष करना पड़ा है । इस सीजन की शुरुआत में योद्धा का जायंट्स के साथ आखिरी मुकाबला बराबरी पर रहा था । यूपी योद्धा और गुजरात जायंट्स दोनों अपने दिमाग में पिछले मैचों में मिली जीत के द्वारा आत्मविश्वास के साथ मैच में उतरेंगे और इस सीजन में अपने प्लेऑफ के सपनों को जीवित रखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications