फीफा विश्व कप 2022: कतर के नाम जुड़ा एक शर्मनाक रिकॉर्ड, इतिहास में पहली बार ओपनिंग मैच में हारा मेजबान देश
FIFA World Cup 2022 का आगाज हो गया है। रविवार को टूर्नामेंट के ओपनिंग मैच में मेजबान कतर को इक्वाडोर के हाथों में 2-0 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ कतर के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया। दरअसल, फीफा विश्व कप के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब कोई मेजबान टीम अपने शुरुआती मैच में ही हार गई हो। कतर के लिए अपना पहला ही मुकाबला हार जाना किसी बड़े झटके से कम नहीं है।

2018 फीफा विश्व कप, रूस
पिछला फीफा विश्व कप रूस में आयोजित हुआ था। विश्व कप के पहले ही मुकाबले में सऊदी अरब का सामना रूस से था। इस मैच में मेजबान रूस ने सऊदी अरब को 5-0 से हरा दिया था। डेनिस दिमित्रिएविच चेरीशेव ने अपनी टीम के लिए ब्रेस स्कोर किया। बाद में रशिया की टीम क्रोएशिया से 3-4 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हुई थी।

2014 फीफा वर्ल्ड कप, ब्राजील
यहां भी टूर्नामेंट के पहले मैच में मेजबान ब्राजील ने क्रोएशिया के खिलाफ 3-1 से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत की थी। ब्राजील पांच बार की फीफा वर्ल्ड चैंपियन रह चुकी है। ब्राजील को 2014 फीफा वर्ल्ड कप में ग्रुप ए में क्रोएशिया, मैक्सिको और कैमेरून के साथ रखा गया था। ब्राजील को इस विश्व कप के सेमीफाइनल मैच में जर्मनी के हाथों 1-7 से हार का सामना करना पड़ गया था।

2010 फीफा वर्ल्ड कप, दक्षिण अफ्रीका
2010 विश्व कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका को मिली थी। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका और मैक्सिको के बीच था। यह मैच 1-1 से ड्रॉ रहा था। यहां भी मेजबान को हार का सामना नहीं करना पड़ा था। ओपनिंग मैच में दक्षिण अफ्रीका जीत की ओर ही बढ़ रहा था, लेकिन मैच के 79वें मिनट में मैक्सिको के राफेल मार्केज ने एक गोल दाग कर मैच को ड्रॉ करा दिया था। दक्षिण अफ्रीका ने मैच के 55वें मिनट में गोल किया था। यहां मेजबान टीम विश्व कप के नॉकआउट राउंड में नहीं पहुंच पाई थी।

2006 फीफा वर्ल्ड कप, जर्मनी
मेजबान जर्मनी ने कोस्टा रिका 4-2 से मात देकर जीत के साथ विश्व कप में अपना आगाज किया था। स्ट्राइकर मिरोस्लाव जोसेफ क्लोस ने ब्रेस बनाया। जर्मनी तीन मैचों में तीन जीत के साथ ग्रुप ए में टॉप पर रही थी, लेकिन सेमीफाइनल में उसे इटली ने 0-2 से हरा दिया था।

2002 फीफा वर्ल्ड कप, दक्षिण कोरिया और जापान
दक्षिण कोरिया और जापान ने 21वीं सदी के पहले फीफा वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी। इन दोनों ही देशों की टीमों को अपने-अपने शुरुआती मैच में हार का मुंह नहीं देखना पड़ा था। जापान ने अपने ओपनिंग मैच में पोलैंड को 2-0 से हराया था, जबकि बेल्जियम और दक्षिण कोरिया का मैच 2-2 से ड्रॉ रहा था।












Click it and Unblock the Notifications