ISL 2022: केरला से ड्रॉ खेलकर टॉप पर पहुंची मोहन बागान, ब्लास्टर्स ने भी बनाई टॉप 4 में जगह
नई दिल्ली। केरला ब्लास्टर्स एफसी और एटीके मोहन बगान के बीच शनिवार को रोमांच से भरपूर संघर्षपूर्ण मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा। वास्को डे गामा स्थित तिलक मैदान स्टेडियम में पुनर्निर्धारित किए गए इस लीग मैच के अंतिम क्षणों में दस खिलाड़ियों से खेलने के बावजूद मरून एंड ग्रीन ब्रिगेड ने जॉनी काउको के सनसनीखेज गोल के जरिये ब्लास्टर्स के जीत छीन ली। इस ड्रा से मोहन बगान हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2021-22 की अंक तालिका के शीर्ष पर आ गई है। कोच हुआन फेर्रांडो की टीम बगान ने एक अंक के अंतर से हैदराबाद एफसी को पीछे छोड़ दिया है। बगान 16 मैच में 30 अंक जुटा लिए हैं। वहीं, इस रोमांचक ड्रा से निराश केरला चौथे स्थान पर बनी हुई है। कोच इवान वुकोमैनोविक की टीम 16 मैचों से 27 अंक ले चुकी है।

मैच का पहला गोल सातवें मिनट में आया, जब कप्तान एड्रियन लुना ने केरला ब्लास्टर्स एफसी को 1-0 की बढ़त दिला दी। उरुग्वे के अटैकिंग मिडफील्डर ने डी-बॉक्स के बाहर मिली फ्री-किक को 20 गज की दूरी से सटीक राइट फुटर शॉट लगाया और गेंद डिफेंसिव वॉल के ऊपर से निकलकर नियरपोस्ट से अंदर जा घुसी जबकि गोलकीपर अमरिंदर सिंह हक्के-बक्के रह गए, क्योंकि वह इसकी उम्मीद नहीं कर रहे थे। फ्री-किक के रूप में यह मौका केरला को उस समय मिला, जब कार्ल मैग्यू ने सहल अब्दुल समद को पीछे से गिराकर फाउल कर दिया, जो कि लक्ष्य पर शॉट लेने जा रहे थे।
और पढ़ें: ISL 2022: पहली बार सेमीफाइनल में पहुंच सकती है जमशेदपुर एफसी, सामने होगी चेन्नइयन की चुनौती
आठवें मिनट में ऑस्ट्रेलियाई फॉरवर्ड डेविड विलियम्स ने गोल करके मोहन बगान को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। जॉनी काउको ने एक थ्रू-पास बॉक्स के अंदर डाला, जिस पर प्रीतम कोटाल ने दाहिने फ्लैंक से क्रॉस डाला और विलियम्स ने आगे दौड़ते हुए राइट फुटर शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट के अंदर पहुंचा दिया जबकि गोलकीपर प्रभसुखन गिल तमाम कोशिश के बावजूद बचाव करने में विफल रहे।
64वें मिनट में एड्रियन लुना ने अपना दूसरा बेहतरीन गोल करके केरला को 2-1 से आगे कर दिया। बाएं फ्लैंक पर मिली कॉर्नर किक से यह अवसर तकरीबन चार पासों के बाद बना। इस गोल में पुटिआ ने चिप करके गेंद को बॉक्स के बायीं तरफ अंदर अकेले मौजूद उरुग्वे के अटैकिंग मिडफील्डर तक पहुंचाई। लुना ने अपना समय लिया राइट फुटर चिप शॉट से गेंद को गोलपोस्ट के दूसरे किनारे पहुंचा दिया जबकि गोलची अमरिंदर के पास बचाव करने का कोई मौका नहीं था।
और पढ़ें: PKL 2022: पल्टन और जयपुर की लड़ाई में बुल्स को हुआ फायदा, प्लेऑफ में पहुंची बेंगलुरु
सात मिनट के स्टॉपेज टाइम के अंतिम क्षणों में फिनलैंड के मिडफील्डर जॉनी काउको के गोल से मोहन बगान ने 2-2 की बराबरी कर ली। हुगो बुमो से बॉक्स के बाहर थ्रू-पास लेने के बाद जॉनी ने ताकतवर राइट फुटर शॉट लगाया, जिस पर अपने बायीं तरफ डाइव लगाते गोलकीपर प्रभसुखन गिल के हाथ से लगकर गेंद गोलजाल के अंदर चली गई। संघर्ष से भरे रोमांचक ड्रा के बाद दोनों टीमों के बीच सीजन में खेले गए मुकाबलों में पलड़ा बगान का भारी रहा। क्योंकि पिछली बार जब पहले चरण में जब ये दोनों टीमें भिड़ी थीं, तो बगान ने हाई-स्कोरिंग मैच 4-2 से जीता था।












Click it and Unblock the Notifications