ISL 2022-23 के सेमीफाइनल मैच में एटीके मोहन बागान और हैदराबाद एफसी ने खेला 0-0 से ड्रा
इंडियन सुपर लीग में हैदराबाद एफसी और एटीके मोहन बागान के बीच सेमीफाइनल मैच बिना किसी गोल के समाप्त हो गया और इसी के साथ ये रहा एक गोल रहित ड्रा

हैदराबाद, 9 मार्च: मौजूदा चैम्पियन हैदराबाद एफसी गुरुवार को अपने घरेलू मैदान जीएमसी बालयोगी एथलेटिक स्टेडियम में हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 के सेमीफाइनल मैच में एटीके मोहन बागान से 0-0 से ड्रा खेलना पड़ा। एटीके मोहन बागान के सेंटर बैक स्लाव्को डामयानोविक को शानदार डिफेंडिंग के लिए हीरो ऑफ द मैच घोषित किया गया।
आज के ड्रा के बाद हेड कोच मैनोलो मार्कुएज के मौजूदा चैम्पियनों को अब सोमवार को कोलकाता के युबा भारती क्रीड़ांगन में दूसरे सेमीफाइनल का दूसरा मैच हेड कोच जुआन फेरांडो के मैरिनर्स से खेलना होगा। इस सीजन की दो सर्वश्रेष्ठ डिफेंसिव इकाइयों के बीच खेला गया यह मुकाबला एटीके मोहन बागान के लिए चौथा गोलरहित ड्रा था।
दूसरे हाफ में हैदराबाद के लिए शानदार गोलकीपिंग करने वाले गुरमीत सिंह बेहतरीन बचाव करके मोहन बागान के विंगर मनवीर सिंह को गोल करने रोककर क्लीन शीट रखने में सफल रहे। उन्होंने अंतिम क्षणों में दिमित्री पेट्राटोस की लॉन्ग रेंज वॉली पर चौकाना रहते हुए बचाव किया। इस ड्रा के साथ ही एटीके मोहन बागान के गोलकीपर विशाल कैथ ने 11 क्लीन शीट रखने के गुरप्रीत संधू के हीरो आईएसएल रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। मैच में हैदराबाद की ओर से कुल 14 शॉट लिए गए लेकिन तीन टारगेट पर रहे। वहीं, एटीके मोहन बागान ने 10 शॉट लगाए और सात टारगेट पर रहे। गेंद पर निंयत्रण हैदराबाद के पक्ष में 52 फीसदी रहा।
पहला हाफ गोल रहित रहा, क्योंकि दोनों ही टीमें गतिरोध तोड़कर गोल करने में विफल रहीं। इस दौरान मेजबान टीम अपने विपक्षी एटीके मोहन बागान से ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करती नजर आई। गेंद पर केवल 43 फीसदी कब्जा रखने के बावजूद हैदराबाद ने ज्यादा आक्रामक फुटबॉल खेलते हुए कुछ अच्छे अवसर बनाए। हैदराबाद के लिए सबसे नजदीकी अवसर तब बना था, जब ऑस्ट्रेलियाई अटैकिंग मिडफील्डर जोएल केनिजी के हेडर को गोलकीपर विशाल कैथ ने बेहतरीन बचाव करके गोल नहीं होने दिया। वहीं, बागान भी एक बार गोल करने के बेहद करीब पहुंची थी लेकिन कप्तान प्रीतम कोटाल का प्रयास क्रॉसबार पर जा लगा। मेजबानों की ओर से कुल 10 शॉट लगाए गए, जिसमें से दो टारगेट पर थे। वहीं, मैरिनर्स का गेंद पर कब्जा 56 फीसदी रहा लेकिन ज्यादातर डिफेंसिव पोजिशन पर खेलने की वजह से वे केवल चार शॉट ही लगा सके, लेकिन केवल एक टारगेट पर था।
यह दोनों टीमों के बीच हीरो आईएसएल में तीसरा सेमीफाइनल मैच था और आज दोनों ने पहली बार गोल रहित ड्रा खेला। इससे पहले पिछले सीजन में जब दोनों पक्ष सेमीफाइनल में मिले थे, तो हैदराबाद एफसी ने पहले चरण का मुकाबला घर पर 3-1 से जीता था। इसके परिणाम की मदद से उन्होंने 3-2 के कुल स्कोर के साथ फाइनल में प्रवेश किया था।












Click it and Unblock the Notifications