ISL 2022-23: बेंगलुरू एफसी ने सेमीफाइनल प्रवेश किया, केरला ब्लास्टर्स को दी मात
सुनील छेत्री के गोल ने बेंगलुरु एफसी को सेमीफाइनल का टिकट दिला दिया है जिसके चलते बेंगलुरु एफसी की टीम ने चिर प्रतिद्वंदी केरला ब्लास्टर्स को हरा दिया है।

बेंगलुरू, 3 मार्च: हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 में नए फॉर्मेट वाले प्लेऑफ चरण का पहला मुकाबला शुक्रवार को श्री कांतीरवा स्टेडियम में खेला गया, जिसमें स्थानापन्न स्ट्राइकर सुनील छेत्री के गोल ने ब्लूज को सेमीफाइनल का टिकट दिला दिया। मेजबान बेंगलुरू एफसी ने अतिरिक्त समय तक खेले गए इस प्लेऑफ मुकाबले में अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी व पिछले साल की उप-विजेता केरला ब्लास्टर्स एफसी को 1-0 से हरा दिया।
लगातार नौवीं जीत के साथ ही हेड कोच साइमन ग्रेसन के ब्लूज ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है और वे मंगलवार को मुम्बई फुटबॉल एरेना में लीग शील्ड विनर मुम्बई सिटी एफसी से भिड़ेंगे। वहीं, इस हार के बाद मुख्य कोच इवान वुकोमानोविक के ब्लास्टर्स की इस सीजन से विदाई हो गई।
आखिरकार गतिरोध 97वें मिनट में जाकर टूटा, जब स्थानापन्न स्ट्राइकर सुनील छेत्री ने गोल करके बेंगलुरू एफसी को बढ़त दिलाते हुए स्कोर 1-0 कर दिया। अटैकिंग थर्ड पर मिली फ्री-किक को जल्दी से लेते हुए सुनील छेत्री ने लगभग 25 गज की दूरी से राइट फुटर शॉट लगाकर गेंद को दाहिने कॉर्नर पर गोल जाल में उलझा दिया जबकि उनके इस प्रयास के लिए कोई भी तैयार नहीं था, ना तो ब्लास्टर्स की डिफेंसिव दीवार और ना ही गोलकीपर प्रभसुखन गिल।
इस पर आपत्ति जताते हुए ब्लास्टर्स के मुख्य कोच इवान वुकोमानोविक और उनकी टीम ने मैदान के अंदर और बाहर विरोध दर्ज कराया। इसके विरोध स्वरूप कोच वुकोमानोविक ने अपनी टीम को मैदान से बाहर बुला लिया। इसके बाद मैच रेफरी क्रिस्टल जॉन ने अतिरिक्त समय के 30 मिनट पूरे होने का इंतजार करने के बाद मैच समाप्ति की लम्बी सीटी बजा दी। इस तरह यह मुकाबला अनचाही परिस्थितियों के बाद खत्म हो गया।
निर्धारित समय तक मुकाबला गोल रहित रहा, क्योंकि दोनों ही टीमें गतिरोध तोड़कर गोल करने में विफल रहीं। रॉय कृष्णा और हावी हर्नांडेज पहले हाफ के दौरान अच्छे टच में दिखाई दिए, जिन्होंने ब्लास्टर्स की डिफेंस को लगातार परेशान रखा। इस कारण मेजबान टीम बेंगलुरू का दबदबा साफ दिखाई दिया जबकि मध्यांतर के बाद ब्लास्टर्स ने कुछ बेहतर खेल दिखाया। हालांकि ब्लूज आक्रमण में बेहतर दिखाई दिए, लेकिन वे कुछ मौकों पर चूक गए और ब्लास्टर्स की मजबूत डिफेंस ने भी पूरा दबाव बखूबी झेला। वहीं, ब्लास्टर्स गोलकीपर गुरप्रीत संधू को टेस्ट करने में विफल रहे। हालांकि उनके पास गेंद पर नियंत्रण 58 फीसदी रहा, लेकिन उनकी तरफ से आठ शॉट लगे, और केवल एक टारगेट पर रहा। वहीं, ब्लूज ने नौ शॉट लगाए, जिसमें से दो टारगेट पर थे।
यह दोनों टीमों के बीच हीरो आईएसएल में 13वां मुकाबला था और आज बेंगलुरू एफसी ने आठवीं बार जीत हासिल की है, जबकि केरला ब्लास्टर्स एफसी ने तीन मैच जीते हैं। दो मैच ड्रा रहे हैं। यह बेंगलुरू एफसी हीरो आईएसएल 2022-23 में लगातार नौवीं जीत है। इस परिणाम के साथ ही ब्लास्टर्स का बेंगलुरू में ब्लूज के खिलाफ जीत से महरूम रहने का सिलसिला जारी रहा।












Click it and Unblock the Notifications