FIFA World cup: मैच के लिए स्टेडियम जा रही स्विट्जरलैंड की टीम बस पुलिस की गाड़ी से टकराई, टला बड़ा हादसा
फीफा वर्ल्ड कप 2022 में सोमवार को स्विट्जरलैंड का मुकाबला ब्राजील से था। इस मैच में ब्राजील ने स्विट्जरलैंड को 1-0 से हरा दिया था। इस मैच से पहले जब स्विट्जरलैंड की टीम स्टेडियम जा रही थी तो यह हादसा हुआ।
फीफा वर्ल्ड कप 2022 का रोमांच अपने चरम पर है। सोमवार को फुटबॉल विश्व कप में स्विटजरलैंड का मुकाबला ब्राजील से था। इस मैच में ब्राजील ने 1-0 से स्विट्जरलैंड को मात दे दी। आपको बता दें कि इस मैच से पहले स्विट्जरलैंड की टीम के खिलाड़ी एक बड़ी दुर्घटना का शिकार होते-होते बच गए थे। दरअसल, सोमवार शाम को जब स्विट्जरलैंड फुटबॉल टीम के खिलाड़ी मैच के लिए स्टेडियम जा रहे थे तो रास्ते में उनकी बस एक पुलिस जीप से टकार गई। हालांकि यह टक्कर ज्यादा जोरदार नहीं थी और गनीमत रही कि किसी खिलाड़ी को इस हादसे में चोट नहीं आई।

स्टेडियम जाने वाले रास्ते पर था जाम
बताया जा रहा है कि जिस वक्त यह हादसा हुआ उस समय उस रास्ते पर भीषण जाम लगा हुआ था। ऐसे में सभी गाड़ियां धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थीं। इस हादसे के बाद सभी खिलाड़ी स्टेडियम पहुंचे और मैच भी खेला। जानकारी के मुताबिक, गेम के लिए स्टेडियम जाते वक्त स्विट्जरलैंड के खिलाड़ियों की बस 974 के रास्ते से जा रही थी कि तभी पुलिस की जीप से बस की टक्कर हो गई। बस की गति बहुत धीमी थी, इसीलिए इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई।
आपको बता दें कि अगर मैच की बात करें तो खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही ब्राजील ने स्विट्जरलैंड को 1-0 से हरा दिया। हालांकि ब्राजील को स्विट्जरलैंड ने कड़ी चुनौती पेश की। इस जीत के बाद पॉइंट टेबल में ब्राजील टॉप पर है, जबकि स्विट्जरलैंड 1 जीत और 1 हार के साथ पॉइंट टेबल में दूसरे स्थान पर है। स्विट्जरलैंड ने अपने पहले मैच में कैमरून को हराया था। वहीं ब्राजील ने अपने दोनों मैचों में जीत दर्ज की है। स्विट्जरलैंड को अंतिम 16 में जाने के लिए अभी एक जीत की दरकार है।












Click it and Unblock the Notifications