Fifa World Cup 2022: सेमीफाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना ने क्रोएशिया को 3-0 से हराया, मेस्सी-अल्वारेज चमके
फीफा विश्वकप के सेमीफाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना ने क्रोएशिया को 3-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही अर्जेंटीना विश्वकप के फाइनल में पहुंच गया है।

Fifa World Cup 2022 Argentina beat Croatia: विश्वकप के इतिहास में अर्जेंटीना कभी भी सेमीफाइल मुकाबले में हारी नहीं है, अपने इसी रिकॉर्ड को अर्जेंटीना की टीम ने एक बार फिर से बरकरार रखा। अर्जेंटीना ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए क्रोएशिया की टीम को 3-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही अर्जेंटीना की टीम विश्वकप के फाइनल मुकाबले में पहुंच गई है।
मेस्सी ने अर्जेंटीना के लिए किया पहला गोल
सेमीफाइनल मुकाबले में पहले हाफ का खेल काफी रोमांच के साथ शुरू हुआ। शुरुआत के 30 मिनट तक क्रोएशिया की टीम मैच में हावी नजर आ रही थी, लेकिन इसके बाद अर्जेंटीना ने तेज खेल दिखाते हुए क्रोएशिया के खिलाफ पहला गोल 34वें मिनट में दाग दिया। 34वें मिनट में अर्जेंटीना ने पेनाल्टी के जरिए मैच का पहला गोल दागा। अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी ने पेनाल्टी में जबरदस्त गोल करके अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इस गोल के साथ ही विश्वकप में सर्वाधिक 11 गोल दागने का रिकॉर्ड मेस्सी के नाम हो गया। इस विश्वकप में मेस्सी अभी तक 5 गोल दाग चुके हैं।
दूसरा गोल अल्वारेज के नाम
पहले गोल की बढ़त के बाद अर्जेंटीना पहले हाफ में महज 5 मिनट के भीतर दूसरा गोल दागकर क्रोएशिया को मुकाबले से बाहर कर दिया। पहले ही हाफ के 39वें मिनट में अर्जेटीना के लिए दूसरा गोल आया। अर्जेंटीना की ओर से जूलियन अल्वारेज ने शानदार गोल किया। उन्होंने अकेले ही एक लंबा रन दिखाते हुए इस गोल को दागकर अर्जेंटीना की टीम को 2-0 से आगे कर दिया। जिस तरह से महज 22 साल के जूलियन शानदार गोल दागा उसकी मैदान में मौजूद ब्राजील के दिग्गज खिलाड़ी रोनाल्डिन्हो ने भी ताली बजाकर तारीफ की। पहले हाफ की बात करें तो अर्जेंटीना ने गोल की 6 कोशिश की जिसमे से 2 में उसे सफलता मिली, जिसमे एक पेनाल्टी शूट भी शामिल है। वहीं क्रोएशिया की टीम ने गोल की 4 कोशिश की और चारो ही कोशिश विफल रही।
दूसरे हाफ में अल्वारेज ने अपने नाम किया दूसरा गोल
दूसरे हाफ में 69वें मिनट पर अर्जेंटीना ने तीसरा गोल दागकर मैच को एकतरफा कर दिया। तीसरे गोल में अहम भूमिका स्टार खिलाड़ी मेस्सी ने निभाई। उन्होंने क्रोएशिया के खिलाड़ियों को छकाते हुए गेंद को गोल के काफी करीब तक लेकर पहुंचे और आखिर में उन्होंने गेंद को अल्वारेज को पास दिया और अल्वराजे ने कोई गलती नहीं की, उन्होंने गेंद को गोल में पहुंचाया और अर्जेंटीना की टीम को 3-0 से बढ़ा दिला दी। इस मैच में अल्वारेज ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया। इस विश्वकप की बात करें तो अल्वारेज अभी तक कुल 4 गोल दाग चुके हैं।
18 दिसंबर को फाइनल मुकाबला
बता दें कि कतर में खेले जा रहे फीफा विश्वकप के सेमीफाइनल में अर्जेंटीना, फ्रांस, क्रोएशिया और मोरक्को पहुंची थीं। पहला सेमीफाइनल क्रोएशिया और अर्जेंटीना के बीच खेला गया। जबकि दूसरा सेमीफाइनल 14 दिसंबर को फ्रांस और मोरक्को के बीच खेला जाएगा भारतीय समय के अनुसार देर रात 12.30 बजे खेला जाएगा। वहीं फीफा विश्वकप का फाइनल मुकाबला 18 दिसंबर को खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications