ISL 2022 : केरला के लिए 'करो या मरो' की जंग, होगा चेन्नइयन से सामना
गोवा : केरला ब्लास्टर्स एफसी को अगर हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2021-22 के सेमीफाइनल में पहुंचना है तो उसे हर हाल में शनिवार को वास्को डे गामा स्थित तिलक मैदान स्टेडियम में चेन्नइयन एफसी से "करो या मरो" की जंग जीतनी होगी। केरला अपने पिछले मैच में लीग लीडर हैदराबाद से हार गई थी और वो 17 मैचों से 27 अंक लेकर पांचवें स्थान पर है। मुंबई सिटी एफसी 28 अंकों के साथ तालिका में चौथे स्थान पर है और मौजूदा चैम्पियनों को शनिवार को ही दूसरे मैच में एफसी गोवा के खिलाफ उतरना है। इसका मतलब यह है कि केरला दिन के पहले मुकाबले में जीत हासिल करके मुंबई पर दबाव बनाए रखेगी।

हैदराबाद पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है और अब शेष तीन स्थानों के लिए जंग तेज हो चुकी है। जमशेदपुर एफसी 31 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है और उसके पास दो मैच अतिरिक्त है। चेन्नइयन के कोच इवान वुकोमैनिक ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा, "हम मौके बना रहे हैं। हम कड़ी मेहनत कर रहे हैं। लेकिन फुटबॉल में भाग्य भी एक महत्वपूर्ण कारक होता है और उम्मीद है कि हमें आगामी मैचों में किस्मत का साथ मिलेगा।" एल्वेरो वाजक्युएज शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ मैच के दूसरे हाफ में अपनी क्लास दिखाई थी। कोच ने बताया कि चोट के कारण निशु कुमार और जैकसन सिंह का शनिवार को खेलना संदिग्ध है। पिछला मैच निलम्बन के कारण नहीं खेले जोर्गे परेरा डिआज को लेकर जल्दबाजी नहीं कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- 'रोहित को ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं, हर कोई उसका अनुसरण करेगा'
उधर, चेन्नइयन के लिए सीजन खत्म हो चुका है क्योंकि अब वो सेमीफाइनल की दौड़ में नहीं है। लेकिन अंतरिम कोच सबीर पाशा की टीम आत्म-सम्मान के लिए खेलेगी। चेन्नइयन पिछले छह मैचों से जीती नहीं है। इस दौरान वो चार मैच हारी है और उसने दो ड्रा खेले हैं। लिहाजा चेन्नइयन जीत की राह पर वापसी करते हुए सीजन का अंत सकारात्मक अंदाज में करना चाहते हैं। कोच पाशा ने कहा, "यह सब प्रेरित रहने का मामला है क्योंकि यह सीजन का अंत हो रहा है और हर कोई अलग मूड में है। लेकिन हर मैच एक कड़ी प्रतिस्पर्धा है और बतौर पेशेवर, हम आगामी मैचों में बेहतर करने के लिए तैयार हैं।" पिछली बार सीजन के पहले चरण में जब ये दोनों टीमों भिड़ी थीं, तो केरला 3-0 से जीती थी।












Click it and Unblock the Notifications