Heath Streak: जिम्बाब्वे के दिग्गज क्रिकेटर की मौत की खबर निकली अफवाह, सच आ गया सामने
Heath Streak News: जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी हीथ स्ट्रीक को लेकर बड़ी अपडेट सामने आ रही है। बुधवार सुबह को उनके निधन की खबर सामने आई थी, जिसके बाद से लगातार सोशल मीडिया पर फैंस दुख व्यक्त कर रहे थे। लेकिन अब ऐसी अपडेट है कि वह जिंदा हैं। गेंदबाज ऑलराउंडर के तौर पर उन्होंने क्रिकेट की दुनिया में अपना एक नाम बनाया। जिम्बाब्वे के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने कई मैच विनिंग प्रदर्शन करने में कामयाबी हासिल की है।
कैंसर से पीड़ित हैं हीथ स्ट्रीक: मीडिया रिपोर्ट की मानें तो हीथ स्ट्रीक कैंसर से जूझ रहे हैं। कैंसर के चौथे स्टेज पर होने के कारण हीथ स्ट्रीक की सेहत में गिरावट आई है। जिम्बाब्वे के पूर्व क्रिकेटर हेनरी ओलोंगा ने अपने साथी दिग्गज क्रिकेटर हीथ स्ट्रीक के कथित निधन को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। स्ट्रीक की मौत के बारे में ट्वीट करने के कुछ घंटों बाद ओलोंगा ने कहा कि मैं इस बात की पुष्टि कर सकता हूं कि हीथ स्ट्रीक के निधन की अफवाहों को बहुत बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है। मैंने अभी उनसे बात की है।

जिम्बाब्वे के लिए कर चुके हैं कप्तानी: हीथ स्ट्रीक ने जिम्बाब्वे के लिए लंबे समय तक कप्तानी भी कर चुके हैं। उनकी कप्तानी में टीम का प्रदर्शन शानदार रहा था। साल 2000 में जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने हीथ स्ट्रीक को टेस्ट और वनडे दोनों टीमों का कप्तान बनाया था। इस दौरान उन्होंने टीम को कई बड़े मैचों में जीत दिलाने का कारनामा किया था।
गेंद और बल्ले से दमदार प्रदर्शन: स्ट्रीक की कप्तानी में जिम्बाब्वे ने 21 टेस्ट मैचों में से 4 में जीत हासिल की जबकि 11 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। दूसरी तरफ उन्होंने वनडे में 68 मैचों में टीम की कप्तानी की। इस दौरान 47 मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वहीं 18 मैच में उनकी कप्तानी में टीम ने जीत हासिल की। टेस्ट में उनके नाम 1990 रन जबकि वनडे में 2943 रन दर्ज हैं। वहीं वनडे में स्ट्रीक ने 29.82 के औसत से 239 विकेट अपने नाम किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications