T20I के बाद अब ODI में भी नहीं रुका जिम्बाब्वे, बांग्लादेश के खिलाफ दर्ज की धमाकेदार जीत
शुक्रवार से जिम्बाब्वे और बांग्लादेश (ZIM vs BAN) के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज शुरू हो गई है।
हरारे, 6 अगस्त: शुक्रवार से जिम्बाब्वे और बांग्लादेश (ZIM vs BAN) के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज शुरू हो गई है। सीरीज के पहले ही मुकाबले में जिम्बाब्वे में वर्ल्ड क्रिकेट को एक बड़ा सरप्राइज देते हुए बांग्लादेशी टीम को पूरे 5 विकेट से हराया। मेजबान टीम के सामने 304 रन का विशाल टारगेट था, जिसे टीम ने 10 गेंद पर ही केवल 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। रोमांचक मुकाबले में मिली जीत के साथ ही जिम्बाब्वे ने सीरीज में 1-0 की अहम बढ़त भी बना ली है।
ये भी पढ़ें- CWG 2022: भारतीय पहलवानों ने एक ही दिन में भारत को जिताए 3 गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज भी आए खाते में

रजा और कैया ने दिलाई जीत
जिम्बाब्वे के सामने 304 रन का टारगेट था और बांग्लादेशी टीम को जीत का फेवरेट माना जा रहा था, लेकिन जिम्बाब्वे ने भी हार नहीं मानी। टीम की शुरूआत खराब रही। 6 रन पर पहले दो और 62 के स्कोर पर 3 विकेट गिर गए। इसके बाद अनुभवी खिलाड़ी सिकंदर राजा और अपना चौथा एकदिवसीय मैच खेल रहे इनोसेंट कैया ने टीम को वापस मैच में ला खड़ा किया। दोनों खिलाड़ियों ने चौथे विकेट के लिए 172 गेंदों में 192 रन जोड़कर बांग्लादेश को कड़ी टक्कर दी।

दोनों ने जड़े कमाल के शतक
कैया ने अपने इंटरनेशल करियर का पहला शतक लगाया और 122 गेंदों में 110 रन की शानदार पारी खेलकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 11 चौके और 2 छक्के लगाए। जबकि सिकंदर रजा ने वनडे में अपना चौथा शतक पूरा किया और 109 गेंदों में 135 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई। अपनी पारी में रजा ने 8 चौके और 6 छक्के जड़े। इस मैच जिताऊ पारी के लिए उनको प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला।

बांग्लादेश ने भी की अच्छी बैटिंग
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने केवल 2 विकेट खोकर 303 रन का स्कोर बनाया। कप्तान तमीम इकबाल (62) और अनामुल हक 73 रन की पारी खेली, जबकि पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज मुश्फिकुर रहीम ने नाबाद 52 रन बनाए। ओपनर लिटन दास 81 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए। जिम्बाब्वे की ओर से विक्टर न्याउची और सिकंदर रजा को 1-1 विकेट मिला।

T20I में भी दिखाया था दम
इससे पहले 3 मैचों की टी20 सीरीज में भी जिम्बाब्वे ने शानदार खेल दिखाया था और बांग्लादेश को 2-1 से मात दी थी। वनडे सीरीज में 300+ का टारगेट हासिल कर जिम्बाब्वे टीम ने फिर दिखा दिया है कि उनको बिल्कुल भी हलके में नहीं लिया जा सकता। दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे मैच रविवार 7 अगस्त को खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications