युसूफ पठान ने लगाई हरारे के मैदान पर 'आग', 26 गेंदों में 80 रन बनाकर बफेलोज को फाइनल में पहुंचाया
Zim Afro T10 2023: भारत के युसूफ पठान के बल्ले का जलवा एक फिर से ऐसे देखने के लिए मिला है, जैसे वे कई साल पहले दिखाया करते थे। अपने बड़े छक्कों के लिए मशहूर युसूफ ने हरारे स्पोर्ट्स क्लब में दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया, जहां उन्होंने कई बड़े हिट लगाकर अपनी टीम को जिम अफ्रो टी10 के फाइनल में पहुंचाया।
युसूफ इस टूर्नामेंट में जोबर्ग बफेलोज की ओर से खेल रहे हैं, उनकी टीम ने डरबन कलंदर्स को 6 विकेट से हरा दिया है। क्वालीफायर 1 के इस मैच में में यूसुफ ने 26 गेंदों में नाबाद 80 रन बनाए, जिससे बफेलोज ने शुक्रवार को रिकॉर्ड टारगेट को हासिल कर लिया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी डरबन कलंदर्स ने 10 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 140 रन बनाए थे। ये टीम टूर्नामेंट में लीग स्टेज में टॉप पर रही थी। उनके ओपनरों ने धीमी शुरुआत की थी, लेकिन बाद में एंड्रे प्लेचर, आसिफ अली और निक वेल्च की पारियों के चलते टीम का स्कोर अच्छा बन सका।
फ्लेचर ने 14 गेंदों में 39 रन बनाए। डेथ ओवरों में आसिफ अली और निक वेल्च ने अच्छी गति से रन बनाए। दोनों ने एक-एक छक्का लगाया और 8 चौके लगाए, जिससे कलंदर्स का कुल स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया और 10 ओवरों में 140/4 पर रुका। तब ये टूर्नामेंट के दौरान एक पारी में सबसे बड़ा स्कोर था।
जवाब में, जॉबर्ग बफेलोज को वह शुरुआत नहीं मिली जिसकी उन्हें जरूरत थी। मोहम्मद हफीज और टॉम बैंटन, दोनों बड़े हिटर को विपक्षी टीम ने शानदार गेंदबाजी से बांधे रखा, जिससे हफीज (17) कलंदर्स के लिए पहला विकेट बने। इसके तुरंत बाद, बैंटन (4) को तैय्यब अब्बास ने क्लीन बोल्ड कर दिया। इस गेंदबाज ने पांचवें ओवर में थोड़ी देर बाद खतरनाक विल स्मीड (16) को भी आउट कर दिया। ये दोनों खिलाड़ी बोल्ड हुए।
उस समय स्कोर 56/3 था, और फिर रवि बोपारा भी 1 रन बनाकर तेंदई चतारा की गेंद पर चलते बने। 57 पर चार विकेट जा चुके थे और कलंदर अच्छी तरह से मैच शिकंजा कस रहे थे। इसके बाद यूसुफ पठान और मुशफिकुर रहीम एक साथ आए। फिर युसुफ ने 8वें ओवर में मोहम्मद आमिर के खिलाफ मोर्चा खोला और उन्हें 3 छक्के और एक चौका जड़ दिया, जो 25 रन का ओवर था, और यही पर बफेलोज का स्कोर 100 रन के पार चला गया।
ये भी पढ़ें- Men's T20 World Cup 2024: टी20 विश्व कप की तारीख और वेन्यू हुए तय, बस घोषणा बाकी
अंतिम दो ओवरों में बफेलोज को जीत के लिए 39 रनों की जरूरत थी। यूसुफ ने 9वें ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर अंतिम ओवर में जीत के लिए 20 रनों की जरूरत थी, जहां यूसुफ ने धमाकेदार प्रदर्शन किया। भारतीय बल्लेबाज पुराने युवा दिनों की याद ताजा कराते हुए अंतिम ओवर में भी अपने अंदाज में पूरी तरह से निर्मम रहा।
शुरुआत में युसूफ ने दो चौके और दो छक्के लगाए, एक बाउंड्री के साथ खेल को समाप्त किया जिससे बफेलोज को फाइनल में पहुंचने में मदद मिली। रहीम ने 10 गेंदों पर नाबाद 14 रनों की पारी खेली। जिम अफ्रो टी10 का फाइनल कल यानी 29 जुलाई को जोबर्ग बफेलोज और डरबन कलंदर्स के बीच होगा।












Click it and Unblock the Notifications