Men's T20 World Cup 2024: टी20 विश्व कप की तारीख और वेन्यू हुए तय, बस घोषणा बाकी
Men's T20 World Cup 2024: पुरुष विश्वकप टी-20 की मेजबानी और तारीख पर से आज पर्दा हट गया है। espncricinfo के मुताबिक पुरुष टी20 विश्व कप अगले साल 2024 में 4 जून से लेकर 30 जून तक वेस्टइंडीज और संयुक्त राज्य अमेरिका में 10 स्थानों पर खेला जाएगा। यानी कि इस बार वेस्टइंडीज और संयुक्त राज्य अमेरिका इस विश्वकप की मेजबानी करेंगे।
जानकारी के मुताबिक इस सप्ताह आईसीसी की एक टीम ने संयुक्त राज्य अमेरिका में कुछ शॉर्टलिस्ट किए गए स्थानों का निरीक्षण किया, जो पहली बार एक अंतरराष्ट्रीय वैश्विक क्रिकेट कार्यक्रम की मेजबानी करेगा। इनमें फ्लोरिडा में लॉडरहिल शामिल है, जो पहले ही अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी कर चुका है।

वहीं मॉरिसविले और डलास वर्तमान में संयुक्त राज्य अमेरिका में मेजर लीग क्रिकेट के उद्घाटन संस्करण की मेजबानी कर रहे हैं। डलास (ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम), मॉरिसविले (चर्च स्ट्रीट पार्क) और न्यूयॉर्क (ब्रोंक्स में वैन कोर्टलैंड पार्क) के मैदानों को अभी तक अंतरराष्ट्रीय स्थल का दर्जा नहीं मिला है, जो आईसीसी नियमों के अनुसार अनिवार्य है। आयोजन स्थलों पर अंतिम निर्णय अगले कुछ महीनों में क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) और यूएसए क्रिकेट (यूएसएसी) के साथ मिलकर आईसीसी द्वारा लिया जाएगा।
बता दें कि इस सप्ताह आयरलैंड, स्कॉटलैंड और पापुआ न्यू गिनी ने आईसीसी की शर्त के मुताबिक टी20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया। जहां पापुआ न्यू गिनी पूर्वी एशिया-प्रशांत क्वालीफायर में शीर्ष पर रहा, वहीं आयरलैंड और स्कॉटलैंड यूरोप क्षेत्र क्वालीफायर में शीर्ष दो स्थानों पर रहे। अमेरिका (एक स्थान के लिए), अफ्रीका (दो स्थान के लिए) और एशिया (दो स्थान) क्षेत्रों से क्वालीफायर आने वाले महीनों में निर्धारित किए जाएंगे।
इन 15 टीमों ने बनाई 2024 टी20 वर्ल्ड कप में जगह
बता दें कि अभी तक मेजबान वेस्टइंडीज और अमेरिका के अलावा भारत, इंग्लैंड, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका, नीदरलैंड, आयरलैंड, स्कॉटलैंड और पपुआ न्यू गिनी ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप में जगह बनाई है।
इस बार कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी
2024 टी20 वर्ल्ड कप में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी। इस टूर्नामेंट के लिए कुल 15 टीमें क्वालीफाई कर चुकी हैं. अब सिर्फ पांच स्पॉट बाकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications