'टीवी-न्यूज पेपर बंद करो, बस खेल पर ध्यान दो', युवराज सिंह ने सुनाया 2011 वर्ल्ड कप का किस्सा
Yuvraj Singh On World Cup: भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब तक किसी भी फॉर्मेट में वर्ल्ड कप जीतने का सपना पूरा नहीं कर पाई है। हालांकि, वह वनडे और टी-20 दोनों फॉर्मेट में फाइनल तक पहुंच चुकी है। वनडे वर्ल्ड कप के नजदीक आते ही हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम पर उम्मीदों का भार और बढ़ गया है। इसी सिलसिले में सोमवार को मुंबई में टूर्नामेंट का आधिकारिक शुभारंभ हुआ, जिसमें आईसीसी के चेयरमैन जय शाह, पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह और मिताली राज मौजूद थे।
युवराज सिंह ने सुनाया मजेदार किस्सा (Yuvraj Singh On World Cup)
साल 2011 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे युवराज सिंह ने इस मौके पर महिला टीम को प्रेरित करने के लिए एक खास किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि किस तरह 2011 में भारत मुश्किल दौर से गुजरा था। ग्रुप स्टेज में इंग्लैंड के खिलाफ मैच टाई हो गया और दक्षिण अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा। इन नतीजों के बाद टीम पर जबरदस्त आलोचना हुई, सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर खिलाड़ियों की जमकर खिंचाई की गई।

सचिन की सलाह ने बदल दी मानसिकता
युवराज ने कहा कि उस समय माहौल काफी नेगेटिव था। तभी सचिन तेंदुलकर और कोच गैरी किर्स्टन ने हमें एक मीटिंग में बुलाया। सचिन ने साफ कहा कि टीवी मत देखो, अखबार मत पढ़ो। सिर्फ मैदान पर ध्यान दो। गैरी किर्स्टन ने भी यही बात दोहराई और कहा कि बाहर की बातें सिर्फ आपका ध्यान भटकाएंगी। इन दो दिग्गजों की सलाह युवराद सिंह के काफी काम आई।
खेल पर फोकस रखना जरूरी
युवराज के मुताबिक इस सलाह ने पूरी टीम की मानसिकता बदल दी। सभी खिलाड़ियों ने बाहरी दबाव को नजर अंदाज कर अपने खेल पर फोकस किया। नतीजा यह रहा कि भारत ने फाइनल तक का सफर तय किया और श्रीलंका को हराकर वर्ल्ड कप जीत लिया। युवराज ने महिला खिलाड़ियों से कहा कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में हमेशा दबाव और आलोचना होगी, लेकिन अगर आप सिर्फ अपने खेल पर फोकस रखें और टीम पर भरोसा करें, तो नतीजे आपके पक्ष में होंगे।












Click it and Unblock the Notifications